News
International International इस्लामाबाद. पाकिस्तान के मुख्य न्यायाधीश ने सरकार को आदेश दिया है कि पूर्व प्रधानमंत्री नवाज शरीफ को पाक लौटने दिया जाए और यह भी कहा है कि सितंबर में शरीफ को एयरपोर्ट से निर्वासित करना कोर्ट के पूर्व के आदेश का उल्लंघन था।
सुप्रीम कोर्ट में आज मुख्य न्यायाधीश इफ्तिखार मोहम्मद चौधरी द्वारा यह निर्णय देने के साथ ही शरीफ के सैकड़ों समर्थकों ने सैन्य शासक परवेज मुशर्रफ के खिलाफ नारेबाजी की और तालियां बजाकर निर्णय का स्वागत किया।
10 सितंबर को सात साल से निर्वासित शरीफ के पाकिस्तान लौटने के कुछ ही देर बाद उन्हें एक हवाई जहाज से सऊदी अरब भेज दिए जाने के मामले में कोर्ट ने वर्तमान प्रधानमंत्री शौकत अजीज को फटकार भी लगाई। चौधरी ने 23 अगस्त को निर्णय देते हुए कहा था कि अजीज का पाकिस्तान लौटना वाजिब है और उन्हें यहां लौटने दिया जाए। इस आदेश के उल्लंघन के लिए उन्होंने आज अजीज को फटकारा।
चौधरी ने शरीफ को सऊदी भेजे जाने के मामले में एक अपील पर आगे की सुनवाई 8 नवंबर तक स्थगित करते हुए कहा कि कोर्ट के इस फैसले पर सरकार शब्द और आत्मा से अमल करे। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्व के आदेश का स्पष्ट रूप से उल्लंघन किया गया है और इस मामले में कदम उठाए जा रहे हैं।
गौरतलब है कि मुशर्रफ ने इसी साल मार्च में चौधरी को सस्पेंड कर दिया था जिससे पूरे पाकिस्तान में मुशर्रफ का विरोध हुआ था।