रायपुर. छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों से हथियार लूटने के बाद करीब 200 नक्सलियों ने पांच पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतार दिया और तीन अन्य को गंभीर रूप से जख्मी कर दिया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बीजापुर जिला मुख्यालय से पांच किमी दूर एक 20 सदस्यीय पुलिस पार्टी पर हमला करते हुए नक्सलियों ने छह मामूली हथियारों समेत दो .303 राइफल्स लूट लीं। पुलिस पार्टी बीजापुर से एक मार्ग चालू करवाने गई हुई थी तभी नक्सलियों ने उसे चारों तरफ से घेरकर फायरिंग शुरू कर दी जिसमें पांच पुलिसकर्मी मारे गए।
सूत्रों ने कहा है कि कल देर रात हुई इस घटना के बाद बाकी 12 पुलिसकर्मी लापता हैं लेकिन उनके सुरक्षित होने की खबर मिली है। बीजापुर से पल्लाबया मार्ग को चालू कराने के इस ऑपरेशन में इस पुलिस पार्टी के साथ जिला बल के 4 कॉस्टेबल, 16 विशेष पुलिस अधिकारी भी थे।
घायलों को बस्तर के संभागीय मुख्यालय जगदलपुर भेज दिया गया जहां से एक पुलिसकर्मी को गंभीर रूप से घायल होने पर रायुपर भेजा गया है।