मुंबई. सेशन कोर्ट ने आदेश दिया है कि प्रमोद महाजन हत्याकांड संबंधी मुकदमे की सुनवाई आगे से बंद कमरे में होगी। इस बीच,हत्याकांड के आरोपी प्रवीण
महाजन ने कहा कि उसे अपनी पिस्तौल से दागी गई गोलियों के बारे में जानकारी नहीं है।
कोर्ट ने बंद कमरे में सुनवाई की व्यवस्था अभियोजन पक्ष के आवेदन पर दी। अभियोजन ने अपने आवेदन में कहा है कि इस मामले के आरोपी प्रवीण द्वारा दिए जाने वाले बयान दोनों परिवारों को, खासकर पीड़ित परिवार के लिए बड़ी परेशानी खड़ी कर सकते हैं। कोर्ट में अपना बयान दर्ज कराने के दूसरे दिन प्रवीण को जब्त वस्तुएं दिखाई गई। उसने घटनास्थल से मिले गोलियों के खोल दिखाए जाने पर उनके बारे में भी कोई जानकारी होने से इनकार किया।
दिल्ली की एक सड़क प्रमोद महाजन के नाम पर: भाजपा नेता स्व. प्रमोद महाजन की 59वीं वर्षगांठ पर यहां की एक सड़क का नामकरण उनके नाम पर किया गया। इस मौके पर मंगलवार को आयोजित समारोह में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी ने स्व. महाजन को ‘व्यक्तियों का बेहतर प्रबंधक’ करार दिया। और कहा कि उनके जाने से पैदा हुए शून्य को मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य में भरना मुश्किल है।
दक्षिण दिल्ली के साकेत स्थित पीवीआर मल्टीप्लेक्स तथा महरौली-बदरपुर को जोड़ने वाली सड़क का नामकरण प्रमोद महाजन के नाम पर किया गया है। समारोह में स्व. महाजन की पत्नी रेखा महाजन भी मौजूद थीं।