Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood परदे के पीछे.
आजकल अनेक महानगरों में विशेषकर मुंबई में ‘टाइम्स’ द्वारा प्रायोजित भावी नेताओं को चुनने संबंधित कार्यक्रम के प्रचार के लिए प्रियंका चोपड़ा के विशाल होर्डिग्स लगे हैं और छोटे परदे पर भी ‘टाइम्स’ प्रचार को बार-बार दिखाया जा रहा है। नेता निर्माण संबंधित कार्यक्रम की ब्रांड एंबेसडर शबाना आजमी या जया बच्चन होतीं तो कोई आश्चर्य नहीं होता। यहां तक कि प्रिटी जिंटा का होना भी उतना चकित नहीं करता, जितना प्रियंका चोपड़ा का होना करता है क्योंकि प्रियंका की छवि एक खूबसूरत नायिका की है। उनकी छवि गहराई से सोचने-समझने वाली पढ़ाकू लड़की की नहीं है। उन्होंने किसी तथाकथित कला फिल्म में भी अभिनय नहीं किया और न ही किसी एनजीओ से जुड़ी हैं।
प्रियंका युवा अभिनेता हरमज बावेजा की अंतरंग मित्र हैं और उनकी प्रेम कहानी के चर्चे भी हैं। हरमन क्रिकेट सितारे ‘माही’ यानी महेंद्र सिंह धोनी के गहरे मित्र हैं और हाल में मुंबई की कई दावतों में तीनों इकट्ठे देखे गए हैं। कुछ कल्पनाशील पत्रकारों ने इसे प्रेम त्रिकोण भी कहा है। कुछ इस तरह की बात भी है कि एक प्रभावशाली अखबार समूह के एक रसिक मालिक को भी प्रियंका बहुत पसंद है। सब मिलाकर कुछ ऐसा मामला ध्वनित सा हो रहा है, मानो प्रियंका घर से निकली खुली तिजोरी हैं, जिस पर अनेक लोगों की निगाह है। इस तरह का संवाद ‘जब वी मेट’ नामक फिल्म में है। आजकल सौंदर्य ऐसा ‘जम्पिंग बोर्ड’ है कि मनुष्य को बहुत ऊंचा उठा देता है। खूबसूरत प्रियंका सफलता के रोलर कोस्टर पर सवार हैं और अब वह गति का एक हिस्सा बन गई हैं, अर्थात चालक नहीं हैं, वरन वेग बनकर चलताऊ हो गई हैं। मनोहर श्याम जोशी के मुहावरे में कहा जाए तो प्रियंका ‘पहुंचेली’ हो गई हैं।
जब उम्र मेहरबान होती है तो मेजबानों की भीड़ जुट जाती है। सर्वनाम विशेषण होने लगते हैं। हर मुस्क राहट एक चेक की तरह होती है। कनखियों से देखने पर हर कोने में फूल नजर आते हैं। यह उम्र ही बसंत बहार होती है। चतुर लड़कियां उम्र की मेहरबानियों को भविष्य निधि में बदलना जानती हैं। ऐसी सावधानी नहीं बरतने पर एक वक्त आता है, जब मुस्कराहट के चेक बाउंस होने लगते हैं और जिंदगी धारा 138 का केस बनकर अदालत जा पहुंचती है। सौंदर्य प्रतियोगिता के संसार से आई प्रियंका जानती हैं कि सफलता के रैंप पर कितनी फिसलन है और ‘लाइम लाइट’ की अभ्यस्त आंखों को दिन भी अंधेरे से घिरे लग सकते हैं। उनकी हरमन बावेजा के साथ बन रही फिल्म ‘लव स्टोरी 2050’ अब अप्रैल 2008 में प्रदर्शित होगी, क्योंकि 26 जनवरी से ‘जोधा-अकबर’ का दौर शुरू होगा और नए नायक की पहली फिल्म को उस अंधड़ से बचाना है।
प्रियंका फिल्मों के श्रेष्ठि वर्ग में रितिक अभिनीत ‘क्रिश’ से आई हैं और हरमन लांग शॉट में रितिक जैसे ही नजर आते हैं। प्रियंका आजकल गोल्डी बहल की अभिषेक बच्चन अभिनीत ‘द्रोण’ की शूटिंग कर रही हैं। ‘क्रिश’ और ‘धूम-2’ के बाद सुपरमैन जैसी भूमिका अभिषेक के लिए गढ़ी गई है, ताकि वे भव्य सफलता अर्जित कर सकें। इस समय प्रियंका के पास भव्य फिल्में हैं, नेता संबंधित ‘बौद्धिक’ कार्यक्रम की वे प्रचारक हैं, बायीं तरफ मित्र हरमन हैं, दायीं तरफ सुपर क्रिकेटर धोनी हैं और दूर कहीं पाश्र्व में कोई शक्तिशाली मीडिया किंग है-इससे ज्यादा उत्तेजक और क्या हो सकता है। इस समय उनकी कुंडली में एक ही घर में अनेक प्रभावशाली ग्रह विद्यमान हैं।