भोपाल. टीटी नगर इलाके में चोरी की बाइक से लूट करने वाले एक लुटेरे को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस को उसके तीन साथियों की भी तलाश है।
टीटी नगर पुलिस ने चैकिंग के दौरान इंग्लिशपुरा, सीहोर निवासी अभिषेक दुबे को पकड़ा था। वह आंबेडकर नगर स्थित अपनी ससुराल में रहता है। वह चोरी की बाइक में नंबर बदलकर चला रहा था। सख्ती से की गई पूछताछ में उसने अपने साथी संजय कांप्लेक्स, माता मंदिर निवासी समीर और सीहोर निवासी दो युवकों के साथ 4 अक्टूबर को सरस्वती नगर में और 25 अगस्त को साउथ टीटी नगर में महिलाओं की चेन झपटना कबूल किया है।
अभिषेक ने अपने साथियों के साथ 18 अक्टूबर और 13 अगस्त को दो बाइक चोरी की थीं। बताया गया है कि अभिषेक बैंक में कैशियर था, ड्रग्स की लत और आपराधिक गतिविधियों के कारण उसे नौकरी से निकाल दिया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से दोनों बाइक और चेन बरामद की हैं।
कमला नगर पुलिस ने अभिषेक को मोबाइल लूट के मामले में पहले गिरफ्तार किया था। पुलिस समीर और सीहोर निवासी दो अन्य युवकों की तलाश कर रही है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा। उससे और भी वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।