HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

गुरु पुष्य नक्षत्र कल, जो खरीदें शुभ होगा

जयपुर. गुरुवार को आने वाले पुष्य नक्षत्र को लेकर बाजारों में खासी रौनक है। इसे मिनी धनतेरस मानते हुए व्यापारी भी खासी उम्मीद लगाए हुए हैं। गुरु पुष्य के स्वागत के लिए बाजारों के साथ साथ मॉल भी सज रहे हैं।

व्यापारियों ने ग्राहकों के लिए जहां नया स्टॉक और अन्य तैयारियों शुरू कर दी हैं, वहीं खरीदारी करने वालों में भी इस शुभ मुहूर्त को लेकर खासा उत्साह है। ज्योतिषों के अनुसार गुरुपुष्य पर सफेद वस्तुओं, चांदी, सोना, वाहन, इलेक्ट्रॉनिक आइटम, मोबाइल, एवं बही-खातों की खरीदारी शुभ रहती है। राजस्थान ज्योतिष परिषद के डॉ. विनोद शास्त्री ने बताया कि पुष्य नक्षत्र को नक्षत्रों का राजा माना जाता है। इस दिन किया गया क्रय और हर कार्य सिद्धि प्रदान करने वाला होता है। शास्त्रों में इसे धनतेरस की तरह खरीदारी के लिए अबूझ मुहूर्त माना गया है।

गुरु पुष्य नक्षत्र का यह अवसर व्यापार के लिए बहुत ही शुभ रहेगा। पं. बंशीधर जयपुर पंचांग के निर्माता पं. दामोदर प्रसाद शर्मा ने बताया कि हर २७वें दिन पुष्य नक्षत्र होता है। अलग-अलग वारों को आने वाले पुष्य नक्षत्र का फल भी अलग-अलग होता है। इस दिन विशेष रूप से गणोशजी के पूजन का विधान है। गुरुपुष्य पर कई लोग नए व्यापार का प्रारंभ करेंगे। खरीदारी के साथ यह गृह प्रवेश के लिए भी श्रेष्ठ है।

व्यापारियों का कहना है :
* दीपावली से पहले आने वाले पुष्य नक्षत्र का सोने-चांदी के आइटम खरीदने के लिए विशेष महत्व है। लोग चाहते हैं कि इस दिन घर में सोने या चांदी में कुछ नया आए।
- संत कुमार खंडाका, खंडाका जैन ज्वैलर्स, हल्दियों का रास्ता

* दीपावली से पूर्व ही लोगों ने खरीदारी शुरू कर दी है। पिछली बार दीपावली से पूर्व आए पुष्य नक्षत्र ने कई वर्र्षो की ग्राहकी के रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इस बार गुरु पुष्य ग्राहकी के लिए उससे भी ज्यादा प्रभावी रहने की उम्मीद है।
-सुरेश सैनी, राज रतन टैक्सटाइल, एमआई रोड

* गुरुपुष्य पर रिकॉर्ड ग्राहकी होने की उम्मीद के चलते नया कलेक्शन मंगवाया है, ग्राहकों में भी खरीदारी को लेकर जोश है।
सुंदरदास, ऑनर, फुट-सी शूज, सिटी पल्स, नारायणसिंह सर्किल

अमृत सिद्धि और सर्वार्थ सिद्धि
उज्जैन के ज्योतिषविद् पं. श्यामनारायण व्यास ने कहा कि गुरुवार को पुष्य नक्षत्र का संयोग शुभ नामक योग निर्मित करता है, जो सुख, वैभव, प्रगति एवं शांतिकारक है। अमृतसिद्धि और सर्वार्थ सिद्धि नाम से प्रसिद्ध है। इस दिन रत्न, सोना-चांदी, प्रोपर्टी आदि की खरीदारी, शिक्षा व व्यवसाय आरंभ, देव प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा आदि शुभ कार्य किए जाते हैं, जो विशेष फलदायी होते हैं।

खरीदारी का महा योग
जालंधर के पंडित गरुड़ प्रसाद शुक्ला ने बताया कि एक नवंबर को गुरुवार होने के कारण गुरु पुष्य योग बना है। इस दौरान जमीन-जायदाद, आभूषण और बर्तन के अलावा हर तरह के घरेलू सामान की खरीदारी खास शुभ होगी। योग को तंत्र-मंत्र की सिद्धि के लिए शुभ माना गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: