जयपुर/जोधपुर. भारतीय जनता पार्टी के असंतुष्ट नेताओं का बुधवार को प्रदेश के बाड़मेर जिले के बालोतरा क्षेत्र के जसोल गांव में जमावड़ा लगेगा। यह पार्टी के वरिष्ठ
नेता जसवंतसिंह का पैतृक गांव है। यहीं मुख्यमंत्री विरोधी धड़ा अपनी रणनीति को अंतिम रूप देने जा रहा है। भाजपा की सांवलियाजी प्रदेश कार्यसमिति के ठीक बाद असंतुष्ट धड़ा भोज के बहाने पहली बार जुट रहा है। इसमें उन्हीं नेताओं के आने की संभावना बताई गई है, जिन्होंने कार्यसमिति का बायकाट किया था। सूत्रों का कहना है कि मुख्यमंत्री खेमे के किसी नेता को इसमें नहीं बुलाया गया है।
कुछ पहुंचे, कुछ रवाना: पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैलाश मेघवाल, राजस्थान भाजपा सांसद समूह के संयोजक रघुवीरसिंह कौशल, सांसद ललितकिशोर चतुर्वेदी, शिक्षा मंत्री घनश्याम तिवाड़ी, सामाजिक न्याय मंत्री मदन दिलावर, उद्योग मंत्री नरपतसिंह राजवी, सरकारी मुख्य सचेतक महावीर प्रसाद जैन जसोल के लिए रवाना हो चुके हैं। मेघवाल और तिवाड़ी जोधपुर पहुंच चुके हैं। इस मौके पर जसवंतसिंह के सांसद पुत्र मानवेंद्रसिंह भी मौजूद रहेंगे।
शेखावत नहीं आएंगे: बाड़मेर क्षेत्र में पहले चर्चा थी कि पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत भी कार्यक्रम में आएंगे, लेकिन वे नहीं आ रहे हैं। वे दिल्ली में ही रहेंगे। शेखावत 6 नवंबर को जोधपुर में स्वदेशी मेले से संबंधित एक कार्यक्रम में शामिल होने जाएंगे। इसके बाद वे जयपुर आ जाएंगे और दीवाली यहीं मनाएंगे।
भोज का नाम ‘रियाण’
जसवंतसिंह ने भोज को ‘रियाण’ नाम दिया है। यह नाम प्राचीन काल में मारवाड़ के राजाओं की ओर आयोजित किए जाने वाले सामूहिक भोज को दिया जाता था।
* जोधपुर पहुंच गया हूं। सुबह तक जसोल पहुंच जाऊंगा। वहां एक सामाजिक कार्यक्रम है।
कैलाश मेघवाल, सांसद व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा
* जसवंतसिंह के परिवार ने एक धार्मिक कार्यक्रम रखा है। उसमें जा रहा हूं। काफी लोगों को बुलाया गया है, जो जाना चाहेंगे जाएंगे, जो नहीं जाना चाहेंगे, नहीं जाएंगे।
रघुवीरसिंह कौशल, राजस्थान भाजपा सांसद समूह के संयोजक
* मुझे निमंत्रण मिला है। और कौन-कौन जाएंगे, कह नहीं सकता। मैं तो जा रहा हूं।
ललितकिशोर चतुर्वेदी, सांसद