जोधपुर. केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की आर्थिक अपराध विंग ने जोधपुर एयरपोर्ट कंट्रोलर मनोज पंत के यहां मंगलवार को छापा मारा। उनकी संपत्ति व तमाम दस्तावेजों की छानबीन की जा रही है। यह कार्रवाई दो साल पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारियों के जीपीएफ राशि में गबन के मामले में की गई। उस समय पंत दिल्ली हैडक्वार्टर में एजीएम फाइनेंस के पद पर थे।
पंत जून 2006 से एयरपोर्ट कंट्रोलर के पद पर हैं। दो साल पहले एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के कर्मचारियों के जीपीएफ में बड़ा घोटाला उजागर हुआ था। इसी सिलसिले में सीबीआई अधिकारियों ने दिन भर पंत के निवास की तलाशी ली। उनके घर व दफ्तर के दस्तावेजों की छानबीन कर संपत्ति का आकलन किया। कार्रवाई देर रात तक जारी रही। बुधवार को यह टीम पंत के बैंक लॉकर की तलाशी लेगी।
गबन के इस मामले में सीबीआई ने जोधपुर के अलावा दिल्ली व मुंबई में भी छापे मारे हैं।