News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
क्रिकेट के मैदान में अब एक और एसोसिएशन कूद पड़ी है। हाल ही में गठित एसोसिएशन फॉर ट्वेंटी-20 क्रिकेट इंडिया (एटीसी) ने मंगलवार को 1 करोड़ इनामी प्राइज वाली एटीसी लीग शुरू करने की घोषणा कर हलचल मचा दी है। बीसीसीआई, आईसीएल के बाद इतनी बड़ी रकम के साथ सामने आया यह पहला संघ है।
एटीसी के अध्यक्ष आई. डी कंबोज ने बताया कि लीग अगले साल मई के बाद शुरू होगी। लीग में 6 टीमें हिस्सा लेंगी जिनका चयन आंध्रप्रदेश में होने वाले सीनियर नेशनल ट्वेंटी-20 टूर्नामेंट के बाद किया जाएगा। लीग में कुल 18 मैच होंगे जो चंडीगढ़ सहित देश के विभिन्न हिस्सों में खेले जाएंगे। लीग में खेलने वाले खिलाड़ियों को मैच फीस भी मिलेगी।
उन्होंने बताया कि लीग को स्पॉन्सर करने के लिए बिजनेस हाउसेस ने रुचि दिखाई है। सभी मैच लाइव टेलीकास्ट होंगे, इसके लिए विभिन्न चैनल्स से बात चल रही है। जहां तक उम्मीद है कि डीडी स्पोर्ट्स ही इस लीग को लाइव टेलीकास्ट करेगा। आईसीएल की 6 टीमों में से एक के संभावित कप्तान दिनेश मोंगिया ने कहा कि इससे प्लेयर्स को फायदा होगा। मोंगिया ने कहा जिन्हें बोर्ड क्रिकेट में जगह नहीं मिल पाई उनके लिए यह बहुत बड़ा मौका है।
120 खिलाड़ी चुने जाएंगे सीनियर नेशनल के बाद 120 प्लेयर्स का चयन किया जाएगा और उसमें 90 प्लेयर्स का एक कैंप लगाया जाएगा। इन 90 प्लेयर्स को 6 टीमों में बांटा जाएगा। टीमों के नाम लीग को स्पॉन्सर करने वाली कंपनियों के नाम रखे जाएंगे।
हमारी पॉलिसी इस बारे में साफ है कि जो खिलाड़ी इस तरह के टूर्नामेंट में खेलेगा वह बोर्ड से बाहर होगा। जहां तक इनामी राशि की बात है तो यह खिलाड़ियों के लिए अच्छी बात है, बशर्ते कि उन्हें यह मिल जाए। इस तरह के टूर्नामेंट उन प्लेयर्स के लिए बेहतर है जो यहां नहीं खेल पाते।
—पांडव, संयुक्त सचिव बीसीसीआई