लुधियाना. जिला युवा कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बयानबाजी करने के आरोप में पॉप गायक दलेर मेहंदी पर मानहानि का दावा ठोका है। यह दावा जिला युवा कांग्रेस लीगल सैल के प्रधान एडवोकेट राणा हरजसदीप सिंह ने ज्यूडीशियल मैजिस्ट्रेट तरसेम मंगला की कोर्ट में दर्ज करवाया है। राणा ने दावे में आरोप लगाया कि 27 अक्टूबर को दलेर मेहंदी ने लोधी क्लब में कार्यक्रम के दौरान स्टेज पर पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ गलत बयानबाजी की।
उनका आरोप है कि दलेर ने कैप्टन और पार्टी को निशाना बनाते हुए गलत गाने भी गाए। आरोप के अनुसार कार्यक्रम शुरू होने से पहले दलेर ने पूर्व कांग्रेस सरकार और पुलिस अधिकारियों पर उन्हें बदनाम करने का आरोप भी लगाया था। राणा हरजसदीप का कहना है कि दलेर मेहंदी ने यह बातें डीसी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में कहीं थीं।