अमृतसर. थाना सिविल लाइन की पुलिस ने क्वींस रोड स्थित कपूर गैस्ट हाउस से 6 सट्टेबाज गिरफ्तार किए हैं। इनमें गैस्ट हाउस का मालिक भी शामिल है। आरोपियों के कमरे की मिनी एक्सचेंज से 12 मोबाइल सैट, एक रिकार्डर रिसीवर, कम्प्यूटर, टीवी और 32,500 रुपए भी बरामद हुए हैं। आरोपियों की पहचान रजिंदर कुमार वासी गोपाल नगर , हरदीप सिंह वासी महां सिंह गेट, बिक्रमजीत सिंह वासी गोल्डन कालोनी, गौरव वासी प्रताप बाजार, जौली वासी जोड़ा फाटक और रनबीर सिंह वासी गंगा बिल्डिंग के रूप में हुई है।
तार दिल्ली-मुंबई से जुड़े इन के तार फिलहाल दिल्ली और मुंबई से जुड़े बताए जा रहे हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। एसएसपी कुंवर विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि कपूर गैस्ट हाउस में साउथ अफ्रीका बनाम पाकिस्तान के मैच की फिक्सिंग नेशनल लैवल के सट्टेबाज कर रहे हैं। डीएसपी सिविल लाइन के नेतृत्व में पुलिस की टीम ने गैस्ट हाउस के कमरा नंबर 110 में रेड की। इस दौरान आरोपी मोबाइल से कोड में बात कर रहे थे।
इंटरनेट से करते संपर्क इंटरनेट के जरिए भी आरोपियों ने कई जगह लिंक साधे हुए थे। बैड पर हजारों रुपए बिखरे पड़े थे। पुलिस ने सारा सामान कब्जे में ले आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के खिलाफ इन्फॉर्मेशन एंड टैक्नोलॉजी एक्ट और आईपीसी की धारा 420, 471 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों का नैटवर्क कहां- कहां था और अमृतसर में उनके साथी कौन हैं इसकी पूछताछ की जा रही है।