जालंधर.
पति के साथ पंजाबी कबूतर फंसाने वाली मुंबई की कबूतरबाज महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस अर्शी खान को मुंबई से जालंधर ले आई है। उसे पुलिस ने दो दिन के रिमांड पर लिया है।
पुलिस को अर्शी के पति शाहिद खान व साथी अरशद हुसैन की तलाश है। उनके खिलाफ थाना-3 और 4 में कबूतरबाजी के केस दर्ज हैं। पुलिस को शक है कि गिरोह दोआबा में बड़े स्तर पर कबूतरबाजी का नेटवर्क चला रहा था। फरार हुसैन और शाहिद खान के हिरासत में आने के बाद कबूतरबाजी से जुड़े लोकल नैटवर्क का पर्दाफाश होने की संभावना है।
डीएसपी रघुवीर सिंह संधू ने बताया कि आर्थिक अपराध शाखा के इंचार्ज मनजीत सिंह के नेतृत्व में गए एएसआई जसबीर सिंह ने मुंबई के गंगा कॉम्प्लेक्स में छापामारी कर महिला अर्शी खान को दबोच लिया, जबकि उसका पति खान और उसके साथी हुसैन फरार हो गए। पुलिस ने उनकी तलाश में भी मुंबई में कई जगह दबिश दी, पर कामयाबी नहीं मिली तो पुलिस अर्शी को यहां ले आई।
कनाडा भेजने का देते थे झांसा फिरोजपुर के गांव चंगली निवासी मंगल सिंह को गिरोह ने कनाडा भेजने के नाम पर 7.48 लाख की चपत लगाई थी, जबकि अमृतसर के गांव चाचोवाल निवासी हरपिंदर सिंह व हरजीत सिंह से 5.40 लाख रुपए ठगे थे।
सब एजेंटों से चलता है धंधा शाहिद खान और हुसैन ने दोआबा में कमीशन पर सब-एजेंट रखे हुए हैं। दोनों केसों में आरोपियों ने पेशगी में एक-एक लाख जालंधर, जबकि शेष रकम मुंबई में ली। पैसे देने के बाद जब पीड़ितों ने उनसे बात की तो वह उन्हें धमकाने लगे। ठगे हुए लोग हार कर पुलिस की शरण में पहुंचे।