नई दिल्ली.कर्नाटक में पैदा हुए गतिरोध को लेकर आज भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के एक दल ने आज प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाकात की। इस दल में भाजपा के अध्यक्ष राजनाथ सिंह, पार्टी के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी और वेंकेया नायडू समेत अन्य सांसद भी शामिल थे। इन लोगों ने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर कर्नाटक में शीघ्र राष्ट्रपति शासन हटाने की मांग की।
प्रधानमंत्री से मुलाकात के बाद भाजपा नेता वैंकेया नायडू ने कहा कि हमारी मांग पर प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान के मुताबिक जो भी होगा वे करेंगे। नायडू ने बताया कि चार दिन बीत गया आज पांचवा दिन है लेकिन अभी तक राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए भाजपा गठबंधन को आमंत्रित नहीं किया है। भाजपा ने अपने समर्थन में विधायकों के हस्ताक्षर का पत्र भी राज्यपाल को सौप दिया है।
गौरतलब है कि कर्नाटक कांग्रेस के प्रवक्ता ने राज्यपाल से अपील की थी कि राज्य विधानसभा को भंग कर देना चाहिए। इससे भाजपा नेताओं की बैचैनी बढ़ गई थी और उन्होंने प्रधानमंत्री से मुलाकात कर यह कहा कि राज्य में शीघ्र सरकार की बहाली की जाए।