पटना.
रेलमंत्री लालू प्रसाद आज गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की शिकायत लेकर प्रधानमंत्री के पास पहुंचे। उन्होंने प्रधानमंत्री से मांग की कि नरेंद्र मोदी को गुजरात दंगों के आरोप में जेल भेजा जाए। लालू राष्ट्रीय जनता दल के सांसदों के साथ प्रधानमंत्री से मिलने पहुंचे थे।
लालू ने गुजरात दंगों की नए सिरे से जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि गुजरात दंगे नरेंद्र मोदी के इशारों पर कराए गए। स्टिंग ऑपरेशन में गुजरात दंगों का सच सबके सामने आ गया है। गौरतलब है कि गुजरात दंगों से जुड़े खुलासे के बाद अब लालू प्रसाद इससे राजनीतिक फायदा उठाने की कोशिश में जुट गए हैं। प्रधानमंत्री से उनकी मुलाकात को इसी कोशिश की प्राथमिक कड़ी के रूप में देखा जा रहा है।
नीतिश लालू पर बरसे
जहां मोदी लालू के निशाने पर हैं वहीं दूसरी ओर अपने प्रदेश में वे मुख्यमंत्री नीतिश कुमार के निशाने पर हैं। 28 अक्टूबर को हुई चेतावनी रैली पर नीतिश ने लालू को आड़े हाथों लेते हुए कहा है कि इस रैली के लिए केंद्र सरकार के संसाधनों का जमकर दुरुपयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि नेशनल डेवलपमेंट काउंसिल की तत्काल मीटिंग बुलाकर इसकी जांच करनी चाहिए कि किस तरह से इस रैली के दौरान केंद्रीय संसाधनों का दुरुपयोग किया गया।