दुबई: ट्वंटी20 विश्वकप चैंपियन भारत को 2009 में इंग्लैंड में होने वाले दूसरे ट्ंवटी20 विश्वकप में आसान ग्रुप मिला है। ग्रुप ए में वह बांग्लादेश और जिंबाब्वे के साथ है, जबकि उप विजेता पाकिस्तान को मेजबान इंग्लैंड के साथ ग्रुप बी में जगह मिली है।
दूसरे ट्वंटी20 विश्वकप की यह रूपरेखा यहां आईसीसी की दो दिन तक चली बैठक के बाद लिया गया। स्पर्धा के इतने पहले यह शेड्यूल इसकी मेजबानी करने वाले इंग्लैंड के इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड(ईसीबी) के आग्रह पर किया गया। ईसीबी इसके लिए मैच स्थलों का चुनाव कर जल्दी ही टिकटों की बिक्री प्रारंभ करना चाहता था।
क्रिकेट की इस विधा में टीमों की रैंकिंग तय करने लायक मैच अभी तक नहीं खेले जा सके हैं। लिहाजा आईसीसी ने दक्षिण अफ्रीका में हुए ट्वंटी20 विश्वकप के आधार पर ही रैंकिंग तय करके ग्रुप निर्धारित कर दिए।वन डे इंटरनेशनल में विश्व चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को श्रीलंका के साथ ग्रुप सी में रखा गया है।