दीपावली का दूसरा नाम अगर मिठाइयों का त्योहार रख दें तो गलत नहीं होगा। सारे खुशी के अवसर एक साथ इस दिन आते हैं जैसे सारे परिवार का इकट्ठे एक जगह मिलना, दीप जलाकर हर्ष का इजहार करना, नए कपड़े पहनना और रंगबिरंगी रंगोली बनाना। ऐसे में मिठाइयों का नाम और मुंह में पानी आ जाना स्वाभाविक है। दीपावली की खास खरीदारियों में मिठाइयां खरीदना सर्वाधिक महत्व का होता है।
दीपावली आते ही लोग पारंपरिक तौर पर मिठाइयां और स्वादिष्ट पकवान बनाने में लग जाते हैं। हालांकि जब से दुकानों में गिफ्ट पैकेज बने बनाए मिलने लगे हैं तब से लोग खुद से मिठाई बनाने से कतराने लगे हैं। फिर भी अपने हाथों से बनाई गई चीजों की बात ही कुछ और होती है। ऐसा करने से न केवल हमारी बचत होती है बल्कि आत्मसंतुष्टि भी मिलती है। किसी को उपहार देने में अपनापन झलकता है सो अलग।
दीपावली के शुभ अवसर पर लक्ष्मी और गणोश पूजा के दरम्यान मिठाई का एक अहम रोल होता है। भगवान को प्रसाद या नैवेद्यम् के रूप में विभिन्न तरह की मिठाइयां चढ़ाईं जाती हैं और बाद में इसे परिवार वालों के बीच बांट दिया जाता है।
काजू की खास तरह की मिठाइयां दीपावली में बनाई जाती हैं जैसे काजू कलिंगा,काजू कतली और काजू अनार। इस दिन अन्य पकवानों में दाल,घी,बाम्बे पेड़ा,बूंदी,कश्मीरी पेड़ा,संगम,ग्रीन क्रीम फ्रूट बर्फी,केसरी और मैंगो पेड़ा का भी विशेष महत्व होता है।
भास्कर डॉट कॉम अपने सभी पाठकों को दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएं देता है और उनके लिए मिठाइयों और पकवानों की एक फेहरिस्त भी तैयार कर रहा है जिससे ने केवल पर्व की मिठास बढ़ जाएगी वरन् इन्हें बनाना भी उतना ही सरल होगा।
सूजी के नारियल लड्डू
..........................
आवश्यक तत्व:
डेढ़ कप सूजी या रवा
एक कप कसा हुआ नारियल
दो बड़े चम्मच घी या मक्खन
एक कप चीनी या शक्कर
आधा कप पानी
छोटे चम्मच से एक चौथाई इलायची पाउडर
पच्चीस ग्राम काजू
बनाने की विधि:
गहरे आधार वाले एक पैन में सूजी को कम आंच पर तब तक भूंजे जब तक कि वह हल्के भूरे रंग का और कुरकुरा, खास्ता न हो जाए।
फिर इसमें कसे हुए नारियल को डाल दें और भूंजते रहें। इसे लगातार चलाते रहना जरूरी है।
दूसरे पैन में पानी और शक्कर को अच्छे से मिलाकर एकदम पतला सीरप या घोल तैयार कर लें।
अब भूंजे हुए सूजी, नारियल और इलायची पाउडर को इस सीरप में डालकर अच्छे से मिलाएं। ऐसा करने के बाद इसे आधे घंटे तक ढंककर अलग रख दें।
अब इससे पिंग पांग आकार का बॉल बना लें और प्रत्येक बॉल को एक काजू से सजा लें।
ठंढा हो जाने पर इसे स्टोर कर रख लें।
**************************************
शाही बर्फी
............
शाही बर्फी को ही हम सूजी या रवे के केक नाम से भी जानते हैं।
आवश्यक सामग्री:
ढाई कप सूजी
एक कप घिसा या चूरा किया हुआ नारियल
आधा कप घी
एक कप चीनी
आधा कप गाढ़ा या कंडेन्शन्ड दूध
आधा कप पानी
एक चौथाई इलायची पाउडर , छोटे चम्मच से
१0 बादाम के दाने
बनाने की विधि:
एक पैन में घी को गर्म करें। इसमें सूजी को डालकर मध्यम आंच पर करीब दस मिनट तक भूंजें जब तक कि यह क्रीम रंग का न हो जाए।
इसमें घिसे हुए फ्रेश नारियल को मिलाकर सूजी के साथ तब तक भूंजे जब तक कि नारियल अपनी तरलता नहीं छोड़ देता है। किनारे रखकर इसे ठंढा हो जाने दें।
अब इसमें गाढ़ा दूध और इलायची पाउडर मिक्स कर लें।
अलग से पानी गर्मकर चीनी मिलाकर सीरप या घोल बना लें। ध्यान रहे कि यह घोल काफी तरल यानि पतला होना चाहिए।
सीरप को भूंजे हुए सूजी के मिश्रण में मिलाकर अच्छे से मिला लें। अब इसे ठंढा होने के लिए अलग रख दें।
बादाम को दो भागों में खंडित कर लें। मिश्रण के बराबर बराबर साइज के बॉल बना लें और तत्पश्चात् इसे दबाकर गोल चिपटाकार बना लें।
अंत में प्रत्येक पर आधे बादाम को रखकर सजाएं।
**************************************
चाकलेट बर्फी या केक
..................
आवश्यक सामग्री:
लगभग २0 पीस बनाने हेतु
आधा कप नारियल पाउडर
एक कैन या टिन गाढ़ा दूध
पचास ग्राम घी
सौ ग्राम कटा हुआ बादाम
तीन चौथाई कप शक्कर
बनाने की विधि:
गहरे आधार वाले पैन में गाढ़े दूध को डालें। इसमें घी,शक्कर और नारियल पाउडर को मिला दें।
हल्के आंच पर इसे तब तक चलाएं जब तक कि मिश्रण पैन के साइड को नहीं छोड़ देता है।
अब इसे मक्खन लगे हुए बरतन पर बराबरी से उड़ेल लें।
जब यह ठंढा होकर सेट हो जाता है तो इसे वर्गाकार काट लें।
सर्व करने से पहले इस पर बादाम छिड़क लें।
**************************************
खीर.
..........
आवश्यक सामग्री:
एक चौथाई कप लंबे दाने वाला चावल,धुला मगर सूखा हुआ
चार से पांच कप दूध
दो से तीन इलायची के पिसे हुए दाने
दो बड़े चम्मच छिले हुए सिल्वर बादाम
एक चुटकी भर केसर कम मात्रा के गर्म दूध में डुबोया हुआ
एक बड़ा चम्मच श्यामवर्ण कटा हुआ पिस्ता दाना
एक बड़ा चम्मच मुनक्का या किशमिश इच्छानुसार
दो तीन बड़ा चम्मच चीनी या आवश्यकतानुसार
बनाने की विधि:
एक पैन में चावल,दूध और इलायची को रखकर आंच पर तब तक चढ़ाए रखें जब तक कि चावल नरम न हो जाए और दाने टूटने न लगें।
अब इसमें बादाम,पिश्ता दाना,केसर और किशमिश को मिलाकर तीन से चार मिनट तक धीरे धीरे खौलने दें।
फिर इसमें शक्कर डालें और तब तक चलाएं जब तक कि यह पूरी तरह से घुल ना जाए।
फिर इसे आग पर से हटा लें और इच्छानुसार गर्म या ठंढा परोसें।
**************************************
आटे की पिन्नी या मीठे बॉल
.....................
आवश्यक सामग्री:
२५0 ग्राम आटा
१५0 ग्राम घी
२५0 ग्राम शक्कर
आधा कप दूध
एक चौथाई छोटे चम्मच से इलायची पाउडर
२५ ग्राम ड्राई फ्रूट का मिश्रण जिसमें काजू,बादामऔर किशमिश होता है।
बनाने की विधि:
एक गहरे धरातल वाले पैन या कड़ाही में घी गर्म करें और उसमें आटे को मिला लें।
हलके आंच पर इसे लगातार चलाते हुए फ्राई करें जब तक कि यह भूरे रंग का न हो जाता है और मीठी सुगन्ध नहीं आने लगती है।
आंच से इसे हटाकर एक प्लेट में डाल लें और हल्का गुनागुना गर्म होने तक इसे वहीं रहने दें।
अब इसमें शक्कर और इलायची पाउडर मिला लें। दूध छिड़ककर मिश्रण को समान भागों में बांट लें। फिर इसे पिंगपांग आकार के बॉल का साइज दे डालें।
प्रत्येक बॉल को ड्राइ फ्रूट मिश्रण से सजा लें।
नोट: ड्राइ फ्रूट मिश्रण से सजाने की बजाए ड्राइ फ्रूट को इलायची और शक्कर के साथ मिश्रण में मिलाया भी जा सकता है।
**************************************
कलाकंद.
............
आवश्यक सामग्री:
आधा किलो पनीर
एक टिन या कैन गाढ़ा दूध
तीन या चार छोटी इलायची पाउडर
दो बड़े चम्मच फुल क्रीम दूध पाउडर
एक वर्क
बनाने की विधि:
पनीर को मसलकर उसमें दूध पाउडर मिला लें। गाढ़ा दूध मिलाकर उसे अच्छे से मिला लें।
मिश्रण को एक गहरे धरातल वाले पैन में डालकर गर्म कर लें। इसे मध्यम आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं तब तक कि जब तक यह मिश्रण गाढ़ा न हो जाता है।
अब इसे आंच पर से हटा लें और तरल पदार्थ लगे हुए प्लेट पर फैला लें। फैले हुए मिश्रण पर इलायची पाउडर का छिड़काव कर लें।
ऊपर से वर्क से ढ़ंक दें। ठंढा होने पर इसे वर्गाकार काट लें।
**************************************
गुलाब जामुन.
...................
आवश्यक सामग्री:
२२५ ग्राम खोया
२५ ग्राम या एक चौथाई कप आटा
४0 ग्राम पनीर
६ पीस काजू लेकर इसे दो दो टुकड़ों में बदल दें
२ कप शक्कर या चीनी
डेढ़ कप से थोड़ा कम पानी
१ कप घी
२ बड़े चम्मच से गुलाब जल
बनाने की विधि:
खोया,आटा और पनीर को मिलाकर मिश्रण तैयार कर लें। मिश्रण से १२ छोटे छोटे बॉल तैयार कर लें।
मिश्रण के प्रत्येक पीस में एक काजू का टुकड़ा डालकर लपेट लें।
पानी में शक्कर डालकर एक पतला घोल तैयार कर लें।
कड़ाही मे घी डालकर गर्म कर लें। बॉल को उसमें डालकर सुनहला होने तक फ्राई करें।
तरल सोखक किचन पेपर पर बॉल को सुखाने के बाद इसे सीरप में डाल दें।
खाने से पहले इसे १0 मिनट तक छोड़ दें।
और हां सर्व करने से पहले इस पर गुलाब जल का छिड़काव अवश्य कर लें।
**************************************
रबड़ी.
.........
आवश्यक सामग्री:
१0 कप दूध
४ बड़ा चम्मच शक्कर या आवश्यकतानुसार
४ छोटी इलायची दाने
४ ड्राप सुगंध के लिए केवड़ा के
छोटी इलायची पाउडर की एक चुटकी
पिस्ता पाउडर एक चुटकी
बनाने की विधि:
एक गहरे भारी पैन में दूध को उबलने के लिए छोड़ दे।
इसमें चीनी और इलायची दाने को मिला दें। कम आंच पर इसे दो घंटे तक उबलने दें। इससे दूध घटकर एक चौथाई शेष रह जाता है।
आंच से हटा देने के बाद इसमें केवरा सुगंध डाल दें।
इलायची और पिस्ता पाउडर से इसके ऊपर छिड़काव कर दें। अब इसे आप फालूदा के साथ ठंढा या गर्म सर्व कर सकते हैं।