News
Indians Abroad Indians Abroad चंडीगढ़. कनाडा के ओंटारियो राज्य की लिबरल सरकार में चार पंजाबी प्रवासी अपनी जगह बनाने में सफल रहे। एक पंजाबी मंत्री और तीन संसदीय सहायक बने हैं। लगातार दूसरी बार मैंबर ऑफ प्रोवेंशियल पार्लियामेंट (एमपीपी) बने हरिंदर तखड़ को स्मॉल बिजनेस एंड इन्टरप्रेन्योर मंत्री बनाया गया है। जबकि डॉ. कुलदीप कुलार को हैल्थ एंड लॉन्ग टर्म केयर, विक ढिल्लों को लेबर, अमृत मांगट को सीनियर्स डिपार्टमेंट का संसदीय सहायक नियुक्त किया गया है। लिबरल प्रीमियर डाल्टन मैगंटी ने यह चयन किया है।
10 अक्टूबर को हुए चुनाव में यह चारों ही लिबरल पार्टी के टिकट पर अपनी-अपनी सीट पर जीत दर्ज करवाने में सफल रहे थे। ओंटारियो के इतिहास में पहली बार इतने पंजाबियों को इन महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्त किया गया है। ओंटारियो के पंजाबी समुदाय ने प्रीमियर डालटन के इस कदम पर खुशी प्रकट की है और उम्मीद जताई है कि आने वाले दिनों में एक-दो और पंजाबी मूल के एमपीपी मंत्री भी बनाए जाएंगे।
हरिंदर तखड़ और कुलार पहले भी इन पदों पर काम कर चुके हैं जबकि मांगट और ढिल्लों को सरकार में शामिल होने का मौका पहली बार मिला है। कुलार का कहना है कि उन्हें खुशी है कि उन्हें दोबारा से उसी पद के योग्य समझा गया है जबकि अमृत मांगट का कहना है कि पहली बार ही एमपीपी चुने जाने पर यह जिम्मेवारी मिलना गर्व की बात है।
ओंटारियो से पंजाबी पत्रकार सर्बजीत घुम्मन के अनुसार इस बार चुनाव में 12 भारतीय पंजाबी मूल के उम्मीदवारों ने चुनाव लड़ा था। जिनमें से छह सफल रहे। उनमें से चार को सरकार में जगह मिलना पूरे प्रवासी समाज के लिए एक बड़ी सफलता है। इससे पंजाबी समुदाय की अलग पहचान बनी है।
पाकिस्तानी पंजाब के एमपीपी भी सरकार में
पाकिस्तानी पंजाब के दो अन्य एमपीपीपी खलील रमाल और यासिर नकवी को कम्युनिटी सेफ्टी और कोरेक्शनल सर्विसेज का संसदीय सहायक नियुक्त किया गया है। हालांकि लिबरल पार्टी के एक अन्य पाकिस्तानी पंजाबी एमपीपी शफीक कादरी को कोई पद नहीं मिला है।