उल्लास और समृद्धि की प्रतीक दीपावली देश के बाहर भी धूमधाम से मनाई जाती है। सात समंदर पार भी इस त्योहार का महत्व भारत से कम नहीं है। विदेशों में रहने वाले भारतीय इस त्योहार को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाते हैं। मॉरिशस में इस त्योहार की महत्ता भारत से कम नहीं है। यहां की आबादी का 63 फीसदी हिस्सा भारतीय मूल के लोग हैं। इनमें से 80 फीसदी हिंदू धर्म को मानने वाले हैं। दीपावली का त्योहार यहां परंपरागत रूप मनाया जाता है। घर-घर में दीप जलते हैं और पूजा होती है। म्यांमार में भी हिंदू धर्म को मानने वाले लोग इस त्योहर को पूरी श्रद्धा के साथ मनाते हैं।
थाईलैंड में भी यह त्योहार लैम क्रियोंग के नाम से अक्टूबर नवंबर में मनाया जाता है। इस दिन लोग केले के पत्ते को दिये की शक्ल देकर इसमें मोमबत्ती जलाते हैं और इसे नदियों में प्रवाहित कर देते हैं। हजारों दियों के पानी में तैरने से बड़ा मनमोहक दृश्य पैदा होता है। नेपाल दुनिया का एकमात्र हिंदू देश है और यहां पर दीपावली का त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है। यहां इसे तिहार कहा जाता है। नेपाल में दीपावली का त्योहार पांच दिनों तक मनाया जाता है। सिंगापुर में रहने वाले भारतीय मूल के लोग धूमधाम से दीपावली मनाते हैं। यहां सेरानगून रोड पर स्थित लिटिल इंडिया को रोशनी से सजाया जाता है। बड़े और बच्चे सभी खुले मैदान में आकर आतिशबाजी का आनंद लेते हैं। ऑस्ट्रेलिया में रहने वाले करीब एक लाख भारतीय मूल के लोगों के बीच रोशनी का यह त्योहार पूरे उत्साह के साथ मनाया जाता है।
दक्षिण अफ्रीका में भी दीपावली का त्योहार भारतीय लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। इस दिन सभी लोग एकदूसरे से मिलते हैं और मिठाइयां खाने के साथ आतिशबाजी का भी आनंद लेते हैं। घर-घर में पूजा की जाती है। गुयाना की 33 फीसदी आबादी हिंदू है। यहां भी 1853 से दीपावली का त्योहार धूमधाम से मनाया जा रहा है। यहां दीपावली के दिन पेड़ा, बरफी, खीर आदि खासतौर से बनाए जाते हैं। श्रीलंका में इस दिन प्रसाद के रूप में मिश्री चढ़ाई जाती है। त्रिनिदाद और टुबैगो की 43 फीसदी आबादी भारतीय मूल की है। यहां भी दीपावली का त्योहार पूरे धूम-धाम के साथ मनाया जाता है। लोग पारंपरिक वेशभूषा में इस त्योहार में शरीक होते हैं। यहां के गावों में थिएटर को आयोजन होता है। यहां के मंत्री और अधिकारी भी दीपावली के त्योहार को पूरे धूमधाम से मनाते हैं। त्रिनिदाद और टुबैगो में इस त्योहार का उत्साह भारत से कम नहीं है।