जयपुर. गोपालपुरा बाईपास पर परमहंस धाम के पास गुरुवार रात बेकाबू ट्रोला डिवाइडर पर चढ़ गया और सामने से आ रही कार को कुचल दिया। इससे कार में
सवार एक महिला तथा पुरुष की मौके पर पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। बीच सड़क पर कार में लोगों को फंसे देख लोग आक्रोशित हो गए तथा ट्रोले पर पथराव किया। घटना के बाद चालक फरार हो गया। हरियाणा नंबर के ट्रोले में भरे सीमेंट के कट्टे सड़क पर बिखर गए। उत्तेजित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए करीब छह से अधिक थाना प्रभारियों सहित पुलिस बल को मौके पर बुलाना पड़ा।
ट्रोले के नीचे फंसने से कार बुरी तरह पिचक गई। कार पर अलवर के नंबर हैं। पौन घंटे बाद तीन बड़ी क्रेनों की मदद से ट्रोले को हटाकर उसके नीचे फंसे लोगों को निकाला गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक दीपक मीणा (24) पुत्र भगवान सहाय बस्सी का रहने वाला था तथा पिंकी (20) के निवास स्थान का पता नहीं चल सका है। घायल रुपाली (20) मुंबई की तथा सुखदेव (35) आसलपुर, जोबनेर का रहने वाला है।
पुलिस, मीडियाकर्मियों से हाथापाई
घटना के बाद भीड़ ने मौके पर पहुंची पुलिस तथा मीडियाकर्मियों से हाथापाई की। बाद में अतिरिक्त पुलिस बल ने आक्रोशित लोगों को खदेड़ा।