bhaskar Web English
HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

करोड़ों का रहा गुरु पुष्य

जयपुर. गुरु पुष्य नक्षत्र के अमृत योग पर गुरुवार को लोगों ने वाहनों, ज्वैलरी और कम्प्यूटर व इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की जमकर खरीद की। व्यापारियों ने भी शगुन jewelleryके रूप में दीपावली पूजन के लिए बही-खाते खरीदे। धनतेरस में अभी पांच दिन शेष हैं, लेकिन पुष्य नक्षत्र को लोगों ने मिनी धनतेरस के रूप में मनाया। एक अनुमान के मुताबिक शहर में 80 से 90 करोड़ का कारोबार हुआ। ग्राहकों के उत्साह को देखते हुए अब व्यापारियों ने धनतेरस के तैयारियां आरंभ कर दी हैं।

जयंती बाजार, राजा पार्क, एमआई रोड और प्रमुख मॉल्स में इलेक्ट्रॉनिक आइटम खरीदने वालों की भीड़ रही। दशहरे के बाद व्यापारियों को इस दिन का बेसब्री से इंतजार था। इस दिन अच्छी ग्राहकी से व्यापारियों के चेहरे खिल गए। बाजारों में उनकी उम्मीद से कहीं ज्यादा बिक्री हुई।

जयंती बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष किरण गुप्ता का कहना है कि दशहरे के बाद बाजार उठने का इंतजार था, जो पुष्य नक्षत्र के मौके ने पूरी कर दी। कपड़े के व्यापारियों को पुष्य नक्षत्र पर अच्छी बिक्री की उम्मीद कम थी, लेकिन खजाने वालों का रास्ता, लालजी सांड का रास्ता जौहरी बाजार, दड़ा मार्केट, चांदपोल सहित सभी प्रमुख कपड़ा मार्केट में भी दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ रही।

खजाने वालों का रास्ता व्यापार मंडल के अध्यक्ष रामबिहारी शर्मा ने कहा कि पुष्य नक्षत्र से लोगों ने आगामी दिनों में होने वाली शादियों के कपड़ों की खरीदारी शुरू की।

खूब हुई वाहनों की बिक्री : पुष्य पर शहर में दुपहिया वाहनों की बिक्री का यह आलम रहा कि शाम को वाहनों के कई मॉडल तो आउट ऑफ स्टॉक हो गए। केएस मोटर्स के जनरल मैनेजर एनएल बडाया ने बताया कि इस दिन को लेकर इस बार पिछले साल से भी ज्यादा उत्साह देखने को मिला। एक अनुमान के मुताबिक यहां तीन हजार से ज्यादा दुपहिया वाहन और लगभग 300 से ज्यादा चौपहिया वाहनों की बिक्री हुई। पुष्य नक्षत्र पर नए वाहनों के अलावा सेकंड़ हैंड वाहनों की भी शहर में खूब बिक्री हुई।

कम्प्यूटर व इलेक्ट्रॉनिक आइटम : बहीखातों के साथ लोगों ने कम्प्यूटर और इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की भी खूब खरीदारी की। गणोशम के ललित धोका का कहना है कि पुष्य नक्षत्र पर लोगों में विशेष उत्साह रहा। इस दिन के लिए लोगों ने पहले से ही बुकिंग करा रखी थी। इलेक्ट्रॉनिक व्यापारियों ने 12 से 15 करोड़ की भी बिक्री का अनुमान व्यक्त किया।

मोबाइल के नए मॉडलों ने किया आकर्षित : इस बार लोगों ने मोबाइल भी खूब खरीदे। अलग-अलग डिजाइनों और अधिक फंक्शन वाले मोबाइलों ने लोगों को आकर्षित किया। प्रमुख मोबाइल विक्रेता और जयंती बाजार व्यापार मंडल के अध्यक्ष किरण गुप्ता ने बताया कि लोगों ने इलेक्ट्रॉनिक आइटमों की जमकर खरीद की।

दिनभर हुई आभूषणों की बिक्री : सोने-चांदी के आभूषणों की दुकानों पर दिनभर महिलाओं की भीड़ रही। हल्दियों का रास्ता के ज्वैलर्स संतकुमार खंडाका ने बताया कि पुष्य नक्षत्र के शुभ दिन का असर साफ दिखाई दिया। आज की ग्राहकी से दीपावली की सीजन पर चल रही मंदी भी अब कम होने के आसार हैं। शकून के रूप में लोगों ने सोने-चांदी के आभूषणों की खरीद की।

वाहनों के पूजन के लिए लंबा इंतजार : पुष्य पर दुपहिया व चारपहिया वाहनों की भी खूब बिक्री हुई। मोतीडूंगरी गणोश मंदिर में पूजन के लिए दिनभर नए वाहनों की कतारें लगी रही। पूजन कराने वालों को अपनी बारी के लिए आधा से एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा। शहर के अन्य गणोश मंदिरों में भी लोगों ने वाहनों की पूजा कराई।

इस प्रकार सधेंगे दोनों मुहूर्त
जिन लोगों ने गुरु पुष्य पर खरीद नहीं की उन्होंने इस दिन धनतेरस के लिए बुकिंग कराकर पुष्य का शकुन पूरा किया। अब वे धनतेरस पर वाहन की डिलीवरी करेंगे, जिससे दोनों ही मुहूर्त सध जाएंगे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: