अजमेर. आरएएस परीक्षा-07 के लिए आवेदन किए गए करीब 6 हजार फार्म निरस्त होंगे। राजस्थान लोकसेवा आयोग को इनमें कई खामियां मिली हैं। हालांकि आयोग ने इनकी सूची को अभी अंतिम रूप नहीं दिया है। इनके अलावा सभी अभ्यर्थियों को प्रारंभिक परीक्षा में शामिल किया जाएगा। इसके लिए करीब तीन लाख 6 हजार 54 अभ्यर्थियों को बुलावा-पत्र भेजे जाएंगे। आयोग फिलहाल अभ्यर्थियों की पात्रता की जांच नहीं कर रहा।
प्री में जो अभ्यर्थी पास होगा, उसकी पात्रता मुख्य परीक्षा से पहले जांची जाएगी। हालांकि सभी आवेदकों को बुलाने से आयोग को परीक्षा की अतिरिक्त तैयारियां करनी पड़ेंगी। आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार इससे आयोग कई गंभीर विवादों से भी बचेगा। अब तक आयोग जांच के बाद ऐसे आवेदनों को निकाल लिया करता था, जिनमें आवेदक एक से अधिक विषय, एक से अधिक जिले या एक से अधिक आवेदन भरते थे। आयोग एक ही अभ्यर्थी द्वारा भरे गए आवेदन एक जगह जमा कर लिया करता था और किसी एक को स्वीकार कर बुलावा-पत्र भेजता था।
आयोग अब ऐसा नहीं करेगा। आयोग एक से अधिक आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को उतने ही बुलावा- पत्र भेजेगा, जितने उसने आवेदन किए। जिस बुलावा-पत्र पर परीक्षा में शामिल होगा, उसमें उपस्थित मानकर बाकी आवेदन निरस्त कर दिए जाएंगे।
क्यूं हुए आवेदन निरस्त
करीब 6 हजार अभ्यर्थियों ने आवेदनों में गंभीर खामियां छोड़ी हैं। इन आवेदनों में फोटो नहीं हैं, विषय नहीं भरे हैं, आवेदक निर्धारित आयु सीमा से बाहर के हैं या अन्य कई तकनीकी कमियां हैं।