अजमेर. धनतेरस की चमक गुरु पुष्य नक्षत्र पर नजर आई। खरीददारों की रौनक से बाजार आबाद रहे। इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटोमोबाइल, ज्वैलरी, रेडिमेड गारमेंट और
साड़ियों का कारोबार 14 करोड़ के आंकड़े तक पहुंच गया। जिन सरकारी संस्थानों के कार्मिकों को पगार और बोनस मिला उन्होंने शुभ मुहूत्र्त में खरीदारी का मौका नहीं छोड़ा।
लंबे अर्से बाद बरसी लक्ष्मी से कारोबारी भी उत्साहित दिखे। बड़े शोरूम समेत दुकानों में पैर रखने को जगह नहीं मिली। दुकानदारों ने ग्राहकों को मौके पर पूजन की सुविधा के अलावा उनके सत्कार का पूरा ख्याल रखा। स्पेशल छूट और गिफ्ट आइटम दिए गए। बाकायदा फाइनेंस और कंसलटेंट की सुविधा भी दी गई। ताकि ग्राहक इत्मीनान से फैसला करे।
कारोबार में हमेशा की तरह ऑटोमोबाइल सेक्टर ही अव्वल रहा। लोगों ने शुभ मुहूत्र्त में टू-व्हीलर, कार और जीप की चाबी हाथ में पकड़ी। हुंडोई, मारूति, महिंद्रा और टाटा कंपनी के डीलर्स ने विभिन्न मॉडलों की डेढ़ सौ से अधिक कारें और जीपों की डिलीवरी कस्टमर को सौंपी। यही हाल टू व्हीलर्स का रहा। हीरो होंडा, बजाज, टीवीएस बाइक्स, स्कूटी और अन्य गाड़ियों के 2 हजार से अधिक मॉडल बेचे गए।
इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट भी चकाचौंध से घिरा रहा। प्रतिष्ठित कंपनियों के टीवी, वॉशिंग मशीन, फ्रिज, एयर कंडीशनर, माइक्रोवेव ओवन, एलसीडी, डीवीडी और हैंडीकेम आइटम की जमकर खरीददारी हुई। इनमें स्कीम और गिफ्ट आइटम की रेंज सबसे ज्यादा रही। आकर्षक पैकिंग और पिछले बार की तुलना में रेट कुछ कम होने से खरीददारों का रुझान ज्यादा रहा।
ज्वैलरी कारोबार की चमक भी कम नहीं रही। शुभ मुहूत्र्त और सावे की नजदीकी से लोगों को अच्छा मौका मिला।
ब्रांडेड कंपनी की गोल्ड, डायमंड, सिल्वर, स्टोन ज्वैलरी, सिक्कों की खरीद जमकर हुई। मेटल और डिजाइन के बारे में जानकारी और परामर्श भी दिए गए। ज्वैलरी की चमक ने खासतौर पर महिलाओं को प्रभावित किया। इसके बाद ब्रांडेड कंपनियों के डिजाइनर सूट, शर्ट, पेंट, ट्राउजर, जैकेट, साड़ियां, जेंट्स सूट, कुर्ते-पायजामे, रेडिमेड गारमेंट की खरीद हुई।
कारोबारी और ग्राहक खुश..
* गुरु पुष्य नक्षत्र होने से ज्वैलरी मार्केट में ज्यादा भीड़ उमड़ी। बाजार में 2.5 करोड़ रुपए तक अनुमानित कारोबार होने का अनुमान है। धनतेरस पर भी खरीददार बाहर निकलेंगे। बिजनेस ठीक रहने की उम्मीद है।
-सुरेश सोनी, ज्वैलर्स
* इलेक्ट्रॉनिक्स मार्केट ठीक रहा। कस्टमर्स का रुझान होम एप्लाइंसेज की तरफ बढ़ा है। ब्रांडेड शोरूम और छोटे शॉपर्स का कारोबार 2.5 करोड़ तक होने का अनुमान है। यह सिलसिला धनतेरस तक चलेगा।
-सुरेश टिलवानी, इलेक्ट्रॉनिक्स व्यवसायी
* गुरु पुष्य नक्षत्र बहुत शुभ है। इसीलिए मार्केटिंग का मूड बनाया। दीवाली से पहले इससे बढ़िया मौका क्या मिलेगा। हमने तो स्कूटी लेने के लिए बहुत पहले आज का दिन चुन लिया था।
-ममता तिवाड़ी, व्याख्याता
* इलेक्ट्रॉनिक्स आइटम खरीदने का मूड बनाकर मार्केट आए। माइक्रोवेव के साथ गिफ्ट स्कीम ठीक लगी। दीवाली बॉनेंजा में ऐसी छूट देना ठीक है। कस्टमर्स को रेस्पांस मिलता है।
-एकता गनोत्रा