|
इंदौर. प्रसूति के बाद बच्चा बदलने की शंका में कुछ लोगों ने गुरुवार शाम गोकुलदास हॉस्पिटल में खासा हंगामा किया। देर तक समझाने और पोस्टमॉर्टम के साथ डीएनए टेस्ट कराने की बात पर ही परिजन माने। सरवटे पर ट्रेवल्स संचालक आनंद सोनकर की पत्नी मनोरमा को 10-12 दिन पहले आरएनटी मार्ग स्थित एक नर्सिग होम में दाखिल कराया था।
बुधवार को डॉक्टर ने ऑपरेशन के लिए गोकुलदास हॉस्पिटल में शिफ्ट कर दिया। दोपहर 1 बजे करीब ऑपरेशन हुआ और बच्चे को मृत घोषित कर दिया गया। इस पर भड़के परिजन बच्चा बदलने का आरोप लगाने लगे। इस बीच उनके साथी भी जुटे और काफी देर तक शोर-शराबा होता रहा।
हॉस्पिटल प्रबंधन और मनोरमा का इलाज कर रही डॉक्टर ने उन्हें समझाया और शंका निवारण के लिए पीएम तथा डीएनए टेस्ट कराने की सलाह दी। तब परिजन कुछ शांत हुए। फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. सुधीर शर्मा ने डीएनए टेस्ट के लिए बच्चे व उसकी मां के खून के नमूने लिए। फिर शव एमवाय हॉस्पिटल भेजा गया।
श्री सोनकर के मुताबिक ऑपरेशन के बाद डॉक्टरों ने बताया बच्चे के दिल में छेद है और उसे ऑक्सीजन पर रखा है। ढाई बजे कहा उसकी मौत हो गई है। बच्चे का शव हमें सौंपा तब उसके सिर, सीने, पेट और पैर में घाव के निशान थे। बदबू भी बहुत आ रही थी, जिससे लग रहा था शव 8-10 घंटे पुराना है।
>> हॉस्पिटल में सुबह से कोई और प्रसूति नहीं हुई। बच्ची मृत ही पैदा हुई थी। कई बार सफाई के दौरान बाहरी त्वचा निकल जाती है। बच्ची के शरीर पर उसके ही लाल निशान थे, चोट के नहीं।
-डॉ. मनोरमा शर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ
>> उन्हें किसी ने बता दिया बेटा हुआ है। बाद में पता लगा बच्ची थी। इस वजह से शक हुआ। हंगामा नहीं मामूली शोर-शराबा हुआ था। दोनों पक्षों ने पुलिस को अवगत करा दिया है।
डॉ. आनंद गोकुलदास, हॉस्पिटल डायरेक्टर