झुंझुनूं. जिले के गांव और ढाणियों में किसानों व मजदूरों के हाथों में कंप्यूटर का सपना जल्द ही पूरा होने वाला है। विश्व में आईटी सेक्टर में परचम लहराने वाले भारत को डिजिटल ल्रिटेसी के क्षेत्र में भी टॉपटेन की लाइन में खड़ा करने के लिए सरकार ने कमर कस ली है। इसके लिए मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने ‘हाईटेक इंडिया’ मिशन के तहत 27 सौ करोड़ रुपए की योजना पर काम शुरू हो गया है। योजना के शत प्रतिशत परिणामों के लिए सरकार ने सर्व शिक्षा अभियान को माध्यम बनाने का निर्णय लिया है। अगर सब कुछ ठीक रहा तो इस योजना के जरिए एक साल में कंप्यूटर साक्षरों की संख्या एक करोड़ का आंकड़ा पार कर लेगी।
डिजिटल ल्रिटेसी योजना के तहत निचले तबके को भी कंप्यूटर की एबीसीडी से परिचित कराने के लिए सरकार अब सर्व शिक्षा अभियान के स्वरूप में कुछ तब्दीली करने जा रही है। अगर आप टीवी चलाने में सिद्धहस्त हैं, मोबाइल पर बखूबी बतिया लेते हैं तो आप कंप्यूटर संचालन में भी महारत हासिल कर सकते हैं। देश में डिजिटल ल्रिटेसी लाने के लिए सरकार अब ऐसा ही कुछ सोच रही है।