|
News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati खाटूश्यामजी. शराब के नशे में धुत्त एक ड्राइवर ने लापरवाही से जीप चलाते हुए तीन महिलाओं को टक्कर मारकर घायल कर दिया। जिनमें से एक महिला की मौत
हो गई। हादसे के बाद मोहल्ले में कोहराम मच गया।
एएसआई गिरधारीलाल ने बताया कि नंदलाल पुत्र राममोहन जीप लेकर जा रहा था। शराब के नशे में होने के कारण उसने जीप का नियंत्रण खो दिया। खटीकों के मोहल्ले में अनियंत्रित जीप ने तीन महिलाओं को टक्कर मार दी। जीप की टक्कर लगने से महिलाओं में चीख-पुकार मच गई। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर वहां ग्रामीण जमा हो गए। महिलाओं को टक्कर मारकर जीप पलट गई, जिसमें ड्राइवर भी घायल हो गया।
मौके पर जमा हुए लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी तथा घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती कराया गया। जीप की टक्कर से घायल सूरजीदेवी, घीसीदेवी व चंपादेवी को एसके अस्पताल सीकर भेज दिया गया। जहां गंभीर रूप से घायल घीसीदेवी की मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि घायल ड्राइवर को भी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसे भी सीकर भेज दिया गया। इस संबंध में गिरधारीलाल पुत्र रामदेव ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।