Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

राज्योत्सव पर आकाश रंगीन

रायपुर. साइंस कालेज मैदान में राज्योत्सव के उद्घाटन अवसर पर भीड़ उमड़ पड़ी। आकर्षक आतिशबाजी के बाद फनकारों ने समां बांधा। इस अवसर पर उल्लेखनीय कार्र्यो के लिए राज्य के 22 प्रतिभाओं को पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी ने सम्मानित किया।

राज्योत्सव का उद्घाटन व अलंकरण समारोह भी अबकी बार कुछ अलग ही था। परिवार सहित आए लोग उद्घाटन होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। मेला स्थल खचाखच था। श्री आडवाणी के आगमन से पहले ही रमन सरकार के कई मंत्री मंच पर कुर्सी संभाल चुके थे।

श्री आडवाणी ने बटन दबाया और मंच के सामने लगी मशाल जलने लगी। इसी के साथ ही आसमान रंगीन हो गया। लोग एकटक आसमान की ओर ही देखते रहे। एक मौका ऐसा भी आया जब रोशनी के झरने में चित्रकुट का जलप्रपात दिखा। आदिवासी परंपरा के अनुरूप अतिथियों का माड़िया पगड़ी पहनाकर स्वागत किया गया।

अलंकरण समारोह के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुए। देर रात तक सारेगामापा के प्रतिभागी रहे सुमेधा कर्महे, राजा और पूनम जाटव के गीतों में लोग झूमते रहे। इससे पहले छत्तीसगढ़ी नाचा से कार्यक्रम की शुरुआत हुई थी।

हर क्षेत्र में पहचान बनाई - पांडे :
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम प्रकाश पांडे ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि सात साल के छत्तीसगढ़ ने हर क्षेत्र में अपनी पहचान बना ली है। 20 -22 साल बाद नौजवान छत्तीसगढ़ सभी को अपनी ओर देखने मजबूर कर देगा। यहां का बजट अभी से ही 16 हजार करोड़ तक पहुंच गया है।

खुशहाली का संकल्प - बृजमोहन
पर्यटन, राजस्व व संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि जल्द ही छत्तीसगढ़ देश को नई दिशा देगा। यहां संस्कृति का संगम है। पंडवानी का सम्मान विश्व में बढ़ा है। आदिवासी शिल्प कला की मांग भी लगातार बढ़ रही है।

कांग्रेस ने किया बहिष्कार
कांग्रेस ने राज्योत्सव का बहिष्कार किया। समारोह में बार - बार नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा का नाम पुकारा जा रहा था। पार्टी का एक भी नेता समारोह में नही पहुंचा।

भाजपा के भी कुछ दिग्गज नदारद
राज्योत्सव उद्घाटन समारोह में भाजपा के कुछ दिग्गजों की अनुपस्थिति चर्चा में थी। लखीराम अग्रवाल, दिलीप सिंह जूदेव, बलीराम कश्यप, करूणा शुक्ला समारोह में नहीं दिखे।

वहीं भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदेव साय, रमेश बैस, ताराचंद साहू, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे, उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान, प्रदेश सरकार के मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, रामविचार नेताम,अमर अग्रवाल, अजय चंद्राकर, हेमचंद यादव, लता उसेंडी, राजेश मूणत, गणोशराम भगत, केदार कश्यप, सत्यानंद राठिया मंच पर आसीन थे।

आडवाणी दिल्ली लौटे
लोकसभा में विपक्ष के नेता लालकृष्ण आडवाणी राज्योत्सव का उद्घाटन करने के बाद रात 10: 30 राजकीय विमान से दिल्ली लौट गए। विमानतल पर उन्हे मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह व उनके सहयोगी मंत्रियों ने बिदाई दी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय व कई पदाधिकारी भी विमानतल पर मौजूद थे। श्री आडवाणी के आगमन को लेकर यहां दिनभर अफरा -तफरी मची रही।

वे दोपहर 12:25 को आने वाले थे। बताया गया कि विमान में खराबी के कारण देर हुई। विमानतल पर काफी लोग स्वागत करने पहुंचे थे। श्री आडवाणी शाम करीब 6:30 बजे यहां आए। विमानतल से वे वीआईपी विश्राम गृह पहुना पहुंचे और फिर राज्योत्सव स्थल। भाजपा की बैठक नहीं हो सकी।

अलताफ राजा का कार्यक्रम आज
राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में शुक्रवार की शाम ख्यातिलब्ध कलाकर अलताफ राजा की गायकी समा बांधेगी। पहले दलेर मेहंदी के आने की खबर दी गई थी। वे नहीं आ रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: