News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. छत्तीसगढ़ प्रदेश तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ जल संसाधन विभाग के खारंग संभाग में भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ 15 नवंबर को राजधानी में पर्दाफाश रैली निकालेगा। मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपकर सिंचाई योजनाओं में अनियमितता व भ्रष्टाचार के आरोपी अधिकारियों को यहां से हटाने की मांग की जाएगी। यह निर्णय संघ की जिला कार्यकारिणी की बैठक में लिया गया।
संघ के प्रवक्ता भैयालाल यादव ने बताया कि रैली रायपुर के सप्रे स्कूल मैदान से प्रारंभ होगी, जो मुख्य मागरेँ का भ्रमण करेगी। इस दौरान मुख्यमंत्री व मुख्य सचिव को ज्ञापन सौंपा जाएगा। ज्ञापन में भ्रष्टाचार के आरोपी अधिकारियों को यहां से हटाकर निष्पक्ष जांच कराने सहित संघ के प्रांतीय कोषाध्यक्ष पर की जा रही कार्रवाई वापस लेने की मांग की जाएगी।
रैली के बाद सप्रे स्कूल मैदान में सभा होगी, जिसे संघ के पदाधिकारी संबोधित करेंगे। इसमें छत्तीसगढ़ को चारागाह बनाने वाले सिंचाई माफियाओं का पर्दाफाश किया जाएगा। संघ ने आरोप लगाया है कि खारंग संभाग के कार्यपालन अभियंता व अनुविभागीय अधिकारी द्वारा सिंचाई योजनाओं में अनियमितता बरती जा रही है। इसकी शिकायत ट्रेड यूनियन कौंसिल ने शासन से की है।
इस पर राज्य शासन ने जांच के आदेश दिए हैं। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि जांच को प्रभावित करने के लिए ही आरोपी अधिकारी संगठन से जुड़े लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं। बैठक में संघ के प्रांताध्यक्ष पीआर यादव, जिला अध्यक्ष एसएन साहू सहित जिला, तहसील, विभागीय समिति के पदाधिकारी व कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित थे।