|
News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur रायगढ़/अंबिकापुर/कोरबा/जांजगीर-चांपा.
बारिश व खराब मौसम भी राज्योत्सव की खुशियों पर बंदिश नहीं लगा सका। प्रदेश भर में गुरुवार की शाम लोगों ने उत्साह के साथ दीये जलाए। कुछ स्थानों पर रंगोली सजाई थी, जो बारिश की वजह से धुल गई। सरकारी भवनों पर रोशनी हुई।
रायगढ़ में गुरुवार की दोपहर हुई बारिश के बाद भी शहर में कई स्थानों पर लोगों ने घर की देहरी पर दीये जलाए। बारिश की वजह से सामूहिक रूप से दीये जलाने का प्रयास सफल नहीं हो सका।
सरगुजा जिले में भी लोगों ने अपने घरों में दीये जलाए। कलेक्टोरेट परिसर के सरकारी भवनों पर शाम होते ही रोशनी की गई थी, जिससे परिसर जगमगा उठा था। कोरिया जिले में भी कमोबेश यही स्थिति रही।
कोरबा में लोगों ने व्यक्तिगत रूप से घरों के बाहर दीये जलाए, मौसम खराब होने की वजह से सामूहिक रूप से लोग एकत्र नहीं हो सके। सरकारी भवनों पर रोशनी की गई। जांजगीर में शाम से बारिश होने लगी। जिससे लोग इच्छा होने के बाद भी दीये नहीं जला सके।
नगर में कुछ स्थानों पर लोगों ने रंगोली भी बनाई थी, हालांकि बारिश की वजह से वह धुल गई। यहां नया कलेक्टोरेट भवन रोशनी से जगमगा रहा था, पर पुराना कलेक्टोरेट भवन अंधेरे में डूबा था।