शिमला. कांग्रेस को समर्थन देने वाले एसोसिएट विधायकों में से अब तक किसी ने भी कांग्रेस के टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है। पांच एसोसिएट सदस्यों के चुनाव क्षेत्रों में मौजूद ब्लाक कांग्रेस कमेटियों के पास इनके नाम का आवेदन नहीं है। हालांकि अभी आवेदन करने के लिए तीन दिन शेष हैं।
विधायक राकेश वर्मा के खिलाफ प्रस्ताव
शिमला जिला के ठियोग विधानसभा क्षेत्र से विधायक राकेश वर्मा कांग्रेस के एसोसिएट सदस्य होने के साथ-साथ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के चहेते भी हैं। ठियोग ब्लाक कांग्रेस कमेटी ने राकेश वर्मा के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस कमेटी को एक प्रस्ताव भेजा है जिसमें उन्हें टिकट न दिए जाने को कहा है।
पर्यवेक्षक से मिले राकेश
राकेश वर्मा शनिवार को शिमला में ठियोग और कुमारसेन-सुन्नी चुनाव क्षेत्र के केन्द्रीय पर्यवेक्षक वीरेन्द्र बिष्ट से मिले। उन्होंने उनके सामने टिकट की दावेदारी जताई। बिष्ट ने माना कि राकेश वर्मा उनसे मिले हैं लेकिन अभी तक ब्लाक कांग्रेस कमेटी को उन्होंने आवेदन नहीं किया है।
दूसरे एसोसिएट का भी आवेदन नहीं
कांग्रेस के दूसरे एसोसिएट सदस्य सुभाष मंगलेट, सोहन लाल, वीरु राम किशोर, कुलदीप सिंह पठानिया ने पार्टी को टिकट के लिए आवेदन नहीं किया है। उनके चुनाव क्षेत्रों में एसोसिएट विधायकों को लेकर कांग्रेस में ही दो गुट हैं। केन्द्रीय पर्यवेक्षकों के सामने यह लोग अपना विरोध दर्ज करवा रहे हैं। कांग्रेस इन लोगों को टिकट देने के मामले में परेशानी में पड़ सकती है।
* एसोसिएट सदस्यों को टिकट के लिए आवेदन करने के बाद ही पार्टी उन्हें टिकट पर विचार करेगी। फिलहाल किसी के आवेदन नहीं मिले हैं। अभी आवेदन के लिए तीन दिन शेष हैं। - कुलदीप राठौर, महासचिव,प्रदेश कांग्रेस