कुल्लू. कबायली जिले लाहौल स्पीति में राजनीतिक दलों के लिए चुनावी डगर आसान नहीं है। कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशी भीतरघात के चलते मुश्किल में हैं वहीं बसपा ने इनकी नींद उड़ा रखी है। लाहौल में इन दिनों प्रचार ने गति पकड़ ली है। भाजपा के रामलाल मरकडेय, कांग्रेस के फूंचोग राय और बसपा के बी.एस. रावल गांव-गांव जाकर वोटरों से मिल रहे हैं। भाजपा के रामलाल मरकडेय उदयपुर उपमंडल से संबंध रखते हैं।
वरिष्ठ भाजपा नेता कर्नल हिशे राम डोगिया ने वीरवार रात गोदंला वैली में फूंचोग राय के समर्थन में आने की घोषणा की है। मोहन सिंह, मोहन लाल और रिगंजिन हायरपा भीतर ही भीतर मरकडेय का विरोध कर रहे है। मरकडेय के साथ इस समय केवल युवराज बौद्ध है जो पूर्व विधानसभा में भाजपा के प्रत्याशी रहे हैं। कांग्रेस की स्पीति में हालत अच्छी है, लेकिन केलांग और उदयपुर में बसपा प्रत्याशी बी.एस. रावल की कांग्रेस में सेंधमारी के चलते फूंचोग राय को काफी परेशानी हो रही है।
वर्तमान विधायक रघुवीर ठाकुर वरिष्ठ कांग्रेस नेता रविठाकुर और राजेंद्र कारपा राय के समर्थन में लगे है। जिले में 23 हजार के लगभग वोटर हैं। जिसमें 7 हजार स्पीति और 16 हजार के लगभग केलांग और उदयपुर में हैं, लेकिन दोनों बड़े दलों के प्रत्याशियों को यह भी चिंता सता रही है कि वोट 14 नवंबर को डाले जाने है ऐसे में लाहौल के अधिकतर लोग सर्दी के दिनों में कुल्लू आ जाते हैं।
बंजार, आनी से प्रत्याशी उतारेगी माकपा
माकपा जिला कमेटी ने सर्वसम्मति से फैसला लिया है कि पार्टी बंजार और आनी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेगी। पार्टी सचिव प्रेम गौतम ने कहा कि पार्टी पूरे जोर-शोर से चुनाव में उतरेगी। जिला कमेटी सदस्य होतम सिंह सौंखला ने बताया कि पार्टी ने बंजार विधानसभा क्षेत्र से युवा और मजदूर किसान के लोकप्रिय नेता नारायण सिंह चौहान को उतारा है। आनी विधानसभा से युवा और जुझारू नेता रमेश चंद को चुनाव में उतारा है। कमेटी सदस्य जोगिंद्र सिंह ने कहा कि दोनों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी कार्यकत्र्ता बूथ स्तर पर काम करेंगे।