|
कोलकाता.ग्राफिक्स आर्टिस्ट रिजवानउर रहमान की रहस्यमय परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में आज नया मोड़ आ गया जब एक चश्मदीद ने बताया कि उसने 21 सितंबर को चार आदमियों को रिजवानउर को बलपूर्वक गाड़ी में धक्का देकर बैठाते हुए देखा था। एक निजी चैनल को दिए इंटरव्यू में इंद्रनील घोष ने इसका खुलासा किया। सीबीआई ने कल इंद्रनील से पूछताछ की थी।
जिस वक्त रिजवान का शव रेल पटरी पर पाया गया था उसके ठीक एक घंटे पहले इंद्रनील खन्ना सिनेमा हाल के करीब बस स्टैंड पर खड़ा था। तभी उसने देखा कि कुछ लोग एक युवक को जबर्दस्ती गाड़ी में अगवा कर ले जा रहे हैं। बाद में वह कार उल्टाडांगा की ओर तेजी से निकल गई। उसने कहा कि उल्टाडांगा के पाटीपुकर इलाके से रिजवानउर का शव बरामद किए जाने के बाद उसका शक इस बात को लेकर और पुख्ता हो गया कि जिस युवक को उसने देखा था वह रिजवानउर ही था।
निजी चैनल को दिए गए इंटरव्यू के बाद सीबीआई के अधिकारियों ने इंद्रनील को निजाम पैलेस स्थित अपने दफ्तर में बुलाया और काफी देर तक पूछताछ की थी। सीबीआई सूत्रों ने इस पूछताछ के दौरान इंद्रनील की ओर से दी गई जानकारी का खुलासा करने से इनकार कर दिया। हालांकि इससे पूर्व भी सीबीआई को ऐसे खत मिले थे जिसमें कहा गया था कि रिजवानउर का अपहरण किया गया था। पुलिस इंद्रनील घोष के बयान और पूर्व में मिले खत से उसके संबंध के बारे में कुछ कह पाने की स्थित में नहीं है।
गौरतलब है कि कोलकाता के ग्राफिक्स आर्टिस्ट रिजवानउर रहमान ने उद्योगपति अशोक तोड़ी की बेटी प्रियंका से प्रेम विवाह किया था। 21 सितंबर को दमदम के पास रेलवे ट्रैक के पास उसकी लाश पाई गई थी।