उदयपुर. उदयपुर सिटी और राणा प्रतापनगर स्टेशन के बीच रेलवे ट्रैक से रविवार को अज्ञात लोग फिश प्लेट निकाल ले गए। समय रहते इसकी जानकारी मिलने से बड़ा हादसा टल गया। रेलवे प्रशासन ने नई फिश प्लेटें लगाने के बाद ही जयपुर से उदयपुर आने वाली जयपुर सुपरफास्ट ट्रेन को रवाना किया। ट्रेन करीब एक घंटे राणा प्रतापनगर स्टेशन पर खड़ी रही।
घटनानुसार रविवार सुबह करीब 6 बजे ट्रैक से गुजर रहे एक गैंगमैन ने फिश प्लेट निकली हुई देखी। उसने राणा प्रतापनगर स्टेशन मास्टर को सूचना दी। रेल प्रशासन ने फिश प्लेट चोरी होने के बारे में रेलवे सुरक्षा बल को जानकारी दी। आरपीएफ ने सूरजपोल थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
* फिश प्लेट निकालने की कारस्तानी शरारती तत्वों की हो सकती है।
अनुज भार्गव, क्षेत्राधिकारी एनडब्ल्यू रेलवे
* गैंगमैन तड़के 5 बजे उसी ट्रैक से गुजरा था, तब तक फिश प्लेट सलामत थी। एक घंटे बाद प्लेट नदारद थी। फिश प्लेट लगाने या खोलने के लिए विशेष प्रकार के उपकरण काम में लिए जाते हैं। अभी जांच चल रही है।
पी.आर. मीणा, इंस्पेक्टर आरपीएफ