News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी को मंजूरी दिलाने फिर से भाग दौड़ शुरु हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरण दास महंत व वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल ने सोनिया गांधी से मुलाकात का समय मांगा है।
संगठन सूत्रों के मुताबिक प्रदेश प्रभारी वी नारायण सामी की सलाह पर यह प्रयास शुरु हुआ है। संभव है कि सोनिया गांधी से मुलाकात के दौरान श्री सामी भी साथ हों। श्री महंत को प्रदेश अध्यक्ष बने तीन साल होने को है लेकिन, अभी तक उनकी कार्यकारिणी नहीं बन पाई है। पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोतीलाल वोरा के कार्यकाल की कार्यकारिणी ही काम कर रही है।
दो -तीन माह में कांग्रेस में समीकरण तेजी से बदले हैं। संगठन खेमे में विद्याचरण शुक्ल, अरविंद नेताम शामिल हो चुके हैं। श्री महंत लंबे अर्से से कार्यकारिणी को मंजूरी दिलाने प्रयासरत हैं। जानकारों का दावा है कि श्री सामी से चर्चा के बाद श्री महंत ने नई सूची तैयार कर ली है।
इस सूची में श्री शुक्ल व श्री नेताम के समर्थकों को भी जगह दी गई है। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी से भी नाम मांगे गए थे पर उनकी ओर से कोई सूची नहीं भेजी गई। कल दिल्ली लौटते में श्री सामी ने पदाधिकारियों को संकेत दिया कि कार्यकारिणी जल्द घोषित कर दी जाएगी।
सोनिया गांधी को पीसीसी द्वारा लिए गए सम्मेलनों व बैठकों की रिपोर्ट भी सौंपी जाएगी। पीसीसी ने दिसंबर में संभागीय कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने का फैसला लिया है। इसी दौरान कांकेर में सोनिया की सभा रखने की कोशिश चल रही है। केशकाल उपचुनाव के मद्देनजर कांकेर जिले पर जोर दिया जा रहा है।
जोगी मचाएंगे हलचल
पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी 7 नवंबर को यहां आ रहे हैं। पांच-छह दिन यहां रुककर वे अपने समर्थकों से मुलाकात करेंगे। वरिष्ठ नेता विद्याचरण शुक्ल के कांग्रेस में लौटने के बाद श्री जोगी का यह पहला दौरा होगा, जिसमें वे कई दिनों तक यहां रुकेंगे। इसके पहले वे प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी वी. नारायण सामी के साथ आए थे और दूसरे दिन लौट गए थे।
श्री जोगी 8 नवंबर को कांग्रेस नेता वासुदेव चंद्राकर के दशगात्र में शामिल होंगे। उसके बाद वे समर्थकों और कार्यकर्ताओं से मिलते रहेंगे। करीब छह दिनों तक उनका इसी तरह का कार्यक्रम है। माना जा रहा है कि समर्थकों को एकजुट कर वे अपनी उपस्थिति का अहसास कराने का प्रयास भी करेंगे।
श्री शुक्ल के कांग्रेस में आने के बाद जोगी विरोधी लगभग सभी नेता एक हो गए हैं। इस वजह से श्री जोगी ने भी अपने समर्थकों को जोड़ने की मुहिम तेज कर दी है। श्री जोगी 13 को यहां से दिल्ली से रवाना हो सकते हैं। 15 नवंबर को संसद का शीत सत्र और 16 को एआईसीसी का अधिवेशन है। उसमें श्री जोगी भाग लेंगे।