HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

सलवा जुड़ूम के खिलाफ आज जंगी रैली, सभा

जगदलपुर. आदिवासी महासभा की सोमवार को होने वाली रैली में शामिल होने दूर-दराज के इलाकों से हफ्ते भर का राशन-पानी लेकर पैदल ही निकल पड़े लोगों के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा। सुबह 9 बजे रैली स्टेडियम के पास शुरू होगी। सोमवार को बड़ी संख्या में लोगों के शहर में पहुंचने की संभावना को देखते हुए जिला और पुलिस प्रशासन चिंता में है।

एसपी जीपी सिंह ने बताया कि रैली के बारे में रविवार को जिला और पुलिस प्रशासन ने बैठक में विचार किया। आयोजकों ने भी प्रशासन को आश्वस्त किया है कि पूरी शांति के साथ रैली और सभा का आयोजन होगा। भीड़ को देखते हुए जिले के बाकी थानों के अलावा पीटीएस से भी अतिरिक्त जवान बुलाए हैं।

आदिवासी महासभा के मनीष कुंजाम समेत कई लोग इसका आयोजन कर रहे हैं। जगदलपुर में विशाल रैली के बाद इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम आमसभा का आयोजन है। सभा को सीपीआई महासचिव एबी बर्धन, आदिवासी महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पीआर बक्शी, भी संबोधित करेंगे।

क्या हैं मांगें :-
अखिल भारतीय आदिवासी महासभा द्वारा आयोजित रैली के पीछे मुख्य मांग सलवा जुडूम बंद करना, विशेष आर्थिक क्षेत्र का विरोध, औद्योगिकरण, शबरी-इंद्रावती में बड़े डैम बनाने से आदिवासियों के होने वाले विस्थापन का विरोध शामिल है।

तीन राज्यों की सीमाओं से सटे बस्तर के विभिन्न इलाकों कोंटा, एर्राबोर, जगरगुंडा, सुकमा, छिंदगढ़ के कुन्ना, पुसपाल, दरभा, कोर्रा, जापरा तथा गीदम, बारसूर, लोहंडीगुड़ा क्षेत्र से बच्चे, युवा महिलाएं, वृद्घ बड़ी संख्या में यहां पहुंच चुके हैं।

शहर से लगभग 8 किमी दूर पंडरीपानी में डेरा जमाए ग्रामीणों ने बताया कोंटा से लोग बीते सोमवार से निकले हैं। मीलों दूर से चलकर रैली में शामिल होने पहुंच रहे ग्रामीणों को रुकने-ठहरने के लिए व्यवस्थित करने विभिन्न पंचायत प्रतिनिधि भी सक्रिय हैं।

कोर्रा के सरपंच देवाराम सोढ़ी तथा जापरा के सरपंच लक्ष्मण सिंह वारसी सहित जनपद सदस्य देवाराम मंडावी ने बताया लोग स्वस्फूर्त रैली में पहुंच रहे हैं। युवा वर्ग का कहना है कि स्थानीय बेरोजगारों को काम मिलने जैसी मांग उचित है।

खुद बना रहे भोजन :-
पिछले एक हफ्ते से लेकर तीन दिन पहले तक ग्रामीण अपने घरों से निकले हैं। नदी-नाला तथा पानी की व्यवस्था देखकर वे वहीं डेरा लगाकर भोजन तैयार कर लेते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: