HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

नक्सलियों को रोकने गांवों में घुसेगी पुलिस

रायपुर.naxal पामेड़ थाने के 11 जवानों की मौत के बाद राज्य सरकार ने पुलिस के आला अफसरों को सख्ती बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्य सचिव शिवराज सिंह ने स्पष्ट किया कि नक्सलियों का दायरा किसी भी हालत में न बढ़ सके, इस बात को ध्यान मे रखते हुए पुलिस का दबाव बढ़ाया जा रहा है। पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश हैं।

पुलिस मुख्यालय ने बस्तर पुलिस के साथ सशस्त्र जवानों को गांवों में घुसकर नक्सलियों को धर दबोचने की योजना के साथ काम करने कहा है। इस काम में एसपीओ और सरेंडर करने वाले संघम सदस्यों की मदद ली जाएगी। पुलिस के एक आला अफसर ने बताया कि धुर नक्सल प्रभावित इलाकों में जहां के गांवों में नक्सलियों का डेरा रहता है। सशस्त्र बल बड़ी संख्या में अंदर जाकर कार्रवाई करेगा।

इस दौरान कई स्थानों पर मुठभेड़ होने की भी आशांका बनी रहेगी, इस कारण कई टुकड़ियों को लेकर जवान अंदर घुसेंगे ताकि एकाध स्थान पर नक्सलियों से जवान घिर भी जाएं तो उन्हें दूसरी टुकड़ी से मदद मिल सके। इस तरह की घेरेबंदी के साथ नक्सलियों के पांव उखाड़ने की तैयारी है।

फिलहाल किसी भी सूचना पर नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए निकल रहे जवान मारे जा रहे हैं। इस तरह की हाल में आधा दर्जन से अधिक बड़ी घटनाएं हो चुकी हैं। बस्तर आईजी आरके विज ने कहा कि पुलिस की कार्यप्रणाली में तत्काल प्रभाव से सुधार कर व्यवस्था सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है कि पुलिस के जवान अचानक नक्सलियों के एंबुस में न फंसें। अचानक मिलने वाली सूचनाओं की सत्यता को परखने के बाद ही पुलिस आगे बढ़ेगी।

पामेड़ में हुई घटना का जायजा लेने के बाद लौटे गृह विभाग के प्रमुख सचिव एसवी प्रभात ने बताया कि इस तरह की सभी घटनाओं की समीक्षा की जा रही है। हाल में हुई घटनाओं को देखते हुए पुलिस को कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वैसे पुलिस के सामने आ रही दिक्कतों को भी दूर करने का प्रयास किया जा रहा है।

हेलिकाप्टर होगा मददगार
पुलिस के अभियान में सेना के हेलिकाप्टर से बड़ी मदद मिलेगी। 25 सीटर हेलिकाप्टर से किसी भी क्षेत्र में जवानों को लाने-ले जाने में आसानी होगी। पुलिस की नई रणनीति में इस हेलिकाप्टर की महत्वपूर्ण भूमिका बतलाई जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: