सेड़वा (बाड़मेर). उप तहसील के गौड़ा गांव में शनिवार रात्रि आग लगने से कच्चे घर में सो रहे तीन बच्चे जिंदा जल गए। आग में पूरा घरेलू सामान भी स्वाह हो गया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
पुलिस के मुताबिक बाबूलाल पुत्र रामाराम के घर में रात करीब साढ़े आठ बजे आग लगी। उसके तीन बच्चे सुशीला (8), अशोक (5) व वर्षा (1) उसमें सो रहे थे। बाबूलाल गुजरात में मजदूरी करने गया हुआ है। घटना के समय बच्चों की मां भी घर पर नहीं थी। वह बच्चों को खाना खिलाकर सुलाने के बाद ससुर के घर गई हुई थी। आग की लपटें देखकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तेजी से धधकती आग पर वे काबू नहीं पा सके। आग से दो झोंपे भी जले हैं। इस संबंध में पेमाराम पुत्र भीखाराम विश्नोई ने सेड़वा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
बच्चों की मां हुई बेहोश: सूचना पाकर बदहवास हालत में मौके पर पहुंची बच्चों की मां घर को आग की लपटों में घिरा देख बेहोश हो गई। इस कारण ग्रामीणों को यह पता ही नहीं चल पाया कि बच्चे अंदर फंसे हुए हैं। ग्रामीणों के मुताबिक बच्चों ने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफल नहीं होने पर चारपाई के नीचे घुस गए। उनके शव चारपाई के नीचे मिले हैं।