HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

डबल मुनाफा कमाने के चक्कर में फंसा व्यापारी

जयपुर. डबल मुनाफे के लिए उदयपुर के एक व्यापारी को फर्जी बिलों से गेहूं का कारोबार भारी पड़ गया। अब उसे सरकार से टैक्स का रिफंड मिलना तो दूर, दो करोड़ से ज्यादा का टैक्स और चुकाना पड़ेगा। वाणिज्यिक कर विभाग ने इस फर्म को टैक्स की बकाया राशि की वसूली का नोटिस थमाया है।

वाणिज्यिक कर विभाग के अधिकारियों के अनुसार उदयपुर में फतहपुरा स्थित मै. भानवी एग्रो प्रा. लि. ने दो साल में पंजाब से 15 करोड़ रु. के गेहूं की खरीद करना बताया था। जांच में यह फर्जी पाई गई। इस फर्म ने पंजाब, हरियाणा व दिल्ली की फर्मो से गेहूं खरीदना बताया था। उनमें से दो के पंजीयन प्रमाण-पत्र निरस्त हो चुके थे और तीसरे को वहां के वाणिज्यिक कर विभाग ने पंजीयन प्रमाण-पत्र ही जारी नहीं किया था।

अतिरिक्त आयुक्त (करापवंचन) अजिताभ शर्मा ने बताया कि राज्य में गेहूं पर चार प्रतिशत की दर से वैट देय है। राज्य के बाहर से गेहूं की खरीद पर यहां टैक्स इसलिए नहीं लगता, क्योंकि खरीदार एक ही जगह टैक्स चुकाएगा। इसी तरह डिपो ट्रांसफर भी टैक्स देय नहीं है। इस फर्म ने उदयपुर में ही गेहूं खरीदकर आटा, मैदा व सूजी के रूप में गुजरात डिपो ट्रांसफर करना बताया। इससे विभाग को 4 फीसदी की दर से 60 लाख रुपए के टैक्स का नुकसान हुआ था। टैक्स चोरी के मामले में यह रकम दोगुनी हो जाती है। इसमें जुर्माना व ब्याज जोड़कर 2 करोड़, 16 लाख, 85 हजार रुपए की वसूली का नोटिस दिया गया है।

ऐसे पकड़ा गया मामला
मैसर्स भानवी एग्रो की ओर से पेश किए गए दस्तावेजों के आधार पर पहले चेकपोस्टों पर उन ट्रकों की एंट्री चेक की गई, जिनसे माल आना बताया गया। वहां एंट्री नहीं मिलने के बाद हाईवे के टोल नाके के रिकॉर्ड में भी उन वाहनों की एंट्री नहीं पाई गई। बाद में उन फर्मो की जांच की गई, जिनसे गेहूं की खरीद करना बताया गया था। इसके बाद भानवी एग्रो के बैंक खातों की जांच की गई तो मामला पकड़ में आ गया।

बैंक खाता व सील-मुहर भी फर्जी
भावनी एग्रो की ओर से पेश किए गए दस्तावेजों पर लगी चेकपोस्टों की मुहरें असली मुहरों से भिन्न होने के कारण जांच में फर्जी मानी र्गई। इसके अलावा यह भी पता चला कि इस व्यापारी ने पंजाब की तीनों फर्मो के खाते उदयपुर में ही खुलवाए। असल में गेहूं के इस कारोबार का लेन-देन उदयपुर में ही हुआ था।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: