उदयपुर. डबोक स्थित महाराणा प्रताप एयरपोर्ट के हाई सिक्योरिटी जोन से रविवार को लगातार दूसरे दिन कम्प्रेसर केबल चोरी हो गई। शनिवार रात इंडियन की केबल चोरी हो गई थी। इंडियन एयरलाइंस की चोरी के बाद केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) को एयरपोर्ट की सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद जेट एयरवेज की कम्प्रेसर केबल पार हो गई। दोनों घटनाएं एयरपोर्ट स्थित इंजीनियरिंग कॉम्पलेक्स में हरुई। डबोक पुलिस ने डॉग स्कवाड से क्षेत्र की जांच कराई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इन वारदातों में किसी एयरपोर्टकर्मी का हाथ तो नहीं है।
डेढ़ सौ जवान तैनात
हाई सिक्योरिटी जोन की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ के 150 जवान हर समय तैनात रहते हैं। एयरपोर्ट प्रबंधन ने लगातार हो रही चोरियों को गंभीरता से लिया है।
एप्रन एरिया में हो चुका है मर्डर भी
एयरपोर्ट परिसर में करीब 5 माह पहले एप्रन डवलपमेंट का काम करा रहे ठेकेदार बृजमोहन टंडन की उनकी कंपनी के एस्केवेटर मशीन ऑपरेटर सत्यवान ने ही हत्या कर दी थी।
* मेरा मानना है कि चोर बाहरी नहीं हो सकता। सीआईएसएफ की मौजूदगी में बाहर का कोई व्यक्ति हाई सिक्योरिटी जोन में प्रवेश कर पाए, यह संभव नहीं।
—रणविजय सिंह, थानाधिकारी, डबोक