जोधपुर. पति की फाइनेंस कंपनी में हंगामा करने वाली पत्नी को आखिर तलाक की सहमति मिल गई। जिसके लिए शनिवार को हंगामा हुआ और पति को गिरफ्तार किया था, वह मकसद पूरा हो गया। पति ने वकील के समक्ष तलाक के कागज पर हस्ताक्षर कर दिए। पत्नी ने भी लिख कर दे दिया कि वह महिला थाने में दर्ज मामला वापस ले लेगी।
फुल्ट्रोन फाइनेंस कंपनी के मैनेजर अमित सिंघवी की शादी चार साल पहले नरेंद्र मुणोत की पुत्री मीशा से हुई थी। बाद में उनमें अनबन हो गई। शनिवार दोपहर मीशा अपने परिजनों के साथ उसकी कंपनी में पहुंच गई और तलाक के लिए हंगामा करने लगी। अमित ने इस रवैये का विरोध किया और पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने अमित को ही शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार कर हवालात में डाल दिया। उसके सामने शर्त रखी गई कि या तो वह तलाक के पेपर पर हस्ताक्षर करे अथवा महिला थाने में मुकदमा दर्ज हो जाएगा। बहरहाल रात में अमित को जमानत मिल गई, मगर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी दर्ज हो गया।
सहमति से संबंध विच्छेद
रविवार को पति-पत्नी ने वकील के पास सहमति व्यक्त कर दी कि वे तलाक के लिए राजी हैं। उन्होंने लिखा कि उनका साथ रहना मुश्किल है, उनके बीच दहेज का विवाद नहीं है, पूरा सामान लौटा दिया है। दहेज के संबंध में पत्नी क्लेम नहीं करेगी। दोनों ही अपना भरण पोषण करने में सक्षम है, तलाक की डिक्री मिलते ही महिला थाने में दर्ज दहेज प्रताड़ना का मुकदमा भी वापस ले लिया जाएगा।