जोधपुर.
दीपावली पर मारवाड़ और मेवाड़ में विस्फोट की धमकी भरे पत्र ने सुरक्षा एजेंसियों को सकते में डाल दिया है। यह पत्र एक अखबार के कार्यालय में एक व्यक्ति ने खुद पहुंचाया। प्रारंभिक तौर पर पुलिस इसे किसी सिरफिरे की हरकत मान रही है, लेकिन एहतियात के तौर पर संभाग के सभी जिलों की पुलिस को सतर्क किया गया है।
पुलिस के मुताबिक शनिवार को करीब 40 साल का एक व्यक्ति समाचार-पत्र के कार्यालय पहुंचा और चौकीदार को पत्र थमाकर तुरंत रवाना हो गया। यह व्यक्ति साइकिल पर आया था और सफेद चोला-पायजामा पहने हुए था। समाचार पत्र के ऑफिस में कर्मचारियों ने जैसे ही यह पत्र खोला वे हैरान रह गए। पत्र में दहशत फैलाने की धमकी थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पत्र कब्जे में लेकर शहर पुलिस को अलर्ट किया। उन्होंने रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड व धार्मिक स्थलों पर सुरक्षा बढ़ाते हुए संदिग्ध लोगों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए।
आईजी ने संभाग के सभी पुलिस अफसरों को चौकसी बरतने के निर्देश दिए हैं। इंटेलीजेंस एजेंसियां भी इस पत्र व पत्रवाहक की छानबीन में जुट गई हैं।
* त्योहार पर धमाका करने की धमकी पुराने कागज पर लिखी हुई है। इबारत अरबी व हिंदी में है। कागज भी फटा हुआ और टेप लगा हुआ है। यह किसी सिरफिरे की करतूत हो सकती है, मगर सुरक्षा एजेंसियां इसे गंभीरता से ले रही हैं। पत्रवाहक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
-हवासिंह घुमरिया, सिटी एसपी
‘नया दिन कैद व आतंक में’
अरबी भाषा के लैटरहैड पर यह धमकी कलेक्टर के नाम लिखी गई है। अरबी के जानकारों के अनुसार उसमें लिखा है- ‘नया दिन कैद व आतंक में है। मारवाड़वासी बहुत दिन शांति से जी लिए। अब नहीं जी पाओगे। इस बड़े त्योहार पर धमाका होगा। मारवाड़ व मेवाड़ निशाने पर हैं। हो सके तो बचा लो। तुम्हारी सरकार कुछ नहीं कर सकती। हम पहले भी कामयाब हुए हैं। इंशा अल्लाह इस बार भी कामयाब होंगे। हमारा मकसद हिंदुस्तान को बर्बाद करना है।’