News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. शनिवार-रविवार की रात्रि साढ़े तीन घंटे तक महाकौशल एक्सप्रेस सिथौली स्टेशन पर खड़ी रही। इस ट्रेन के कारण आगरा कैंट से आने वाली अन्य ट्रेनों को भी रोकना पड़ा था। तीन नवम्बर को रात्रि 9.25 बजे महाकौशल एक्सप्रेस ग्वालियर से आगरा के लिए रवाना हुई थी। सिथौली स्टेशन के करीब पहुंचकर इंजन के चक्के जाम हो गए और ट्रेन स्टेशन पर जाकर खड़ी हो गई।
अप मेन लाइन पर रुकी ट्रेन की वजह से ग्वालियर-झांसी का मार्ग अवरुद्ध हो गया था। ट्रेन चालक व सहचालक ने जाम इंजन को ठीक करने के प्रयास किए। जब सफलता हाथ नहीं लगी तो ट्रेन में लगे एक अन्य इंजन की मदद से ट्रेन को चलाने का निर्णय लिया गया। खराब हुए इंजन को डाउन रेलवे यार्ड में ले जाकर खड़ा किया गया।
उसके बाद महाकौशल एक्सप्रेस चलने की स्थिति में आई। रात्रि 9.32 बजे सिथौली पहुंची महाकौशल एक बजे झांसी के लिए रवाना हो सकी। महाकौशल की वजह से ग्वालियर स्टेशन पर एमपी संपर्क क्रांति एक्सप्रेस व बरेली-दादर एक्सप्रेस ग्वालियर के प्लेटफार्मो पर खड़ी रही।
उसके पीछे बिरलानगर में एपी एक्सप्रेस, रायरू में महामाया एक्सप्रेस व बानमोर स्टेशन पर जीटी एक्सप्रेस को रोका गया। रेलवे ने ट्रेनों को चलाने के लिए सिथौली स्टेशन की अप लूप लाइन का उपयोग किया और ग्वालियर सहित पिछले स्टेशनों पर खड़ी सवारी ट्रेनों को झांसी के लिए निकाला गया।