HomeNewsRajasthanKota Kota

..वर्ना तख्ता पलट देंगे

कोटा. राजस्थान कौंसिल ऑफ डिप्लोमा इंजीनियर्स कोटा संभाग का दो दिवसीय अधिवेशन सरकार की नींद उड़ाने वाला है। अधिवेशन के समापन पर एकीकृत महासंघ ने संसदीय सचिव भवानी सिंह राजावत की मौजूदगी में सरकार को चेतावनी दी कि जिस तरह अनदेखी करने पर कांग्रेस को सत्ता से बाहर किया था, यदि भाजपा ने ध्यान नहीं रखा तो एक साल बाद उन्हें भी बाहर जाना होगा। कार्यक्रम में कांग्रेसी विधायक भरत सिंह व डीएससीएल के कार्यकारी निदेशक केके कौल भी मौजूद रहे।

महासंघ के अध्यक्ष महेंद्र सिंह ने कहा कि जिन्हें वे नेता बनाकर तख्त पर बिठाते हैं, उनके सामने हाथ फैलाने की जरूरत नहीं है। राज्य में 7 लाख कर्मचारी हैं और उनके पास 35 लाख वोटर हैं। यानि, कुल वोटिंग का 8 प्रतिशत। सरकार बदलने में 2.5 से 3 प्रतिशत वोटों की ही जरूरत पड़ती है। जो सरकार नहीं सुनेगी उसे दफन होना पड़ेगा।

महेंद्र सिंह के साथ प्रांतीय संरक्षक लक्ष्मण सिंह चौधरी, प्रांतीय महासचिव राजेंद्र पचौरी तथा संभागीय अध्यक्ष बलवंत सिंह हाड़ा ने संसदीय सचिव भवानीसिंह राजावत से कहा कि वे उनकी बात को मुख्यमंत्री तक पहुंचाएं। कार्यक्रम में सेवानिवृत्त कनिष्ठ अभियंताओं का सम्मान भी किया गया।

संसदीय सचिव का आश्वासन
भवानी सिंह ने कहा कि पिछले 4 सालों में कर्मचारियों के लिए जो सरकार ने किया है, वह पहले नहीं हुआ। मांगे तो अनंत हैं लेकिन, वे शीघ्र ही एकीकृत महासंघ के प्रतिनिधि मंडल को मुख्यमंत्री से मिलवाने में सहयोग करेंगे। फिर उनके समक्ष मांगें मजबूती से रखें, संभवत: पूरी होंगी।

गले की खाते हैं नेता
दीगोद विधायक व कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भरत सिंह ने डिप्लोमा इंजीनियर्स के दो दिवसीय अधिवेशन के समापन कार्यक्रम में कहा कि नेता गले की ही खाते हैं। दस आयोजनों में जाते हैं, आश्वासन देते हैं और भूल जाते हैं। नेता भ्रष्टाचार के प्रतीक बन गए हैं। इसलिए वे ज्यादा नहीं बोलेंगे। हालांकि कर्मचारियों की मांगों पर उन्होंने ‘गेंद’ भवानीसिंह के पाले में डाल कर कहा कि मुख्यमंत्री के नजदीकी होने के कारण वे ही सकारात्मक कार्य कर सकते हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: