News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. शहर में हो रहे अवैध निर्माणों को रोकने के लिए नगर निगम ने बैंकों का सहारा लिया है। निगमायुक्त डा. पवन शर्मा ने उन सभी बैंकों को पत्र लिखा है जो भवन निर्माण के लिए ऋण उपलब्ध कराते हैं।
निगमायुक्त ने समीक्षा में पाया कि बिल्डर बैंकों को गलत जानकारी दे कर भवन निर्माण के लिए ऋण ले रहे हैं। कई बार ऐसी स्थिति भी निर्मित हो रही है कि बिल्डर अपने भवन बेचने के लिए ग्राहकों को बैंक से ऋण उपलब्ध करा रहे हैं। ऐसी स्थिति में अवैध भवनों के कारोबार को बढ़ावा मिल रहा है।
निगमायुक्त डा. पवन शर्मा ने बताया कि अवैध भवन निर्माण को पहली सीढ़ी पर ही रोकने के लिए बैंकों को ऋण के समय बिल्डर के सभी कागजात की सही तरीके से जांच कराए जाने के लिए पत्र लिखा गया है।
पत्र में इस बात पर जोर दिया गया है कि यदि कोई प्रकरण ऋण के लिए आता है तो ऋण देने से पूर्व ग्राहक से निगम की एनओसी भी ली जाए। इसके अलावा यदि बिल्डर ऋण के लिए आवेदन करता है तो उस स्थिति में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग व नगर निगम से स्वीकृत नक्शे की जांच कर ली जाए।