नाहरगढ़ (बारां). गुना रोड स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार रात करीब 9 बजे दर्जन भर सशस्त्र युवकों ने पंप मालिक से ढाई लाख रुपए लूट लिए।
नाहरगढ़ थानाधिकारी राधेश्याम राठौर ने बताया कि नाहरगढ़ निवासी राजेंद्र शर्मा रात को पेट्रोल पंप से ढाई लाख रुपए लेकर घर जाने की तैयारी में थे कि एकाएक दर्जन भर सशस्त्र युवकों ने पेट्रोल पंप को घेर लिया। वे पास के खेतों से चलकर पंप तक पहुंचे थे। उन्होंने राजेंद्र शर्मा पर रिवाल्वर तानकर ढाई लाख रुपए, घड़ी व मोबाइल छीन लिए।
लुटेरों ने पेट्रोल पंपकर्मियों से भी मोबाइल व अन्य सामग्री छीन ली। कुछ कर्मचारियों ने विरोध की कोशिश की तो उन्हें गोली से उड़ा देने की धमकी देकर चुप कर दिया। लुटेरे जंगल की ओर भागे। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास इलाके में नाकाबंदी की। देर रात तक जंगल में लुटेरों की तलाश जारी थी।
तीन थानों की पुलिस लगाई : बारां. एएसपी एस.एन.खींची ने बताया कि घटना के बाद लुटेरे संभवत: गुना की ओर भागे हैं। शाहाबाद के अलावा नाहरगढ़, भंवरगढ़ और छबड़ा थाने की पुलिस लुटेरों की खोज में जुटी है।