अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की ओर से रविवार को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 1980 नर्सिंगकर्मियों के पदों के लिए हुई आयोजित भर्ती परीक्षा में
22 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी शामिल हुए। परीक्षा शांतिपूर्वक हुई। आयोग को किसी भी केन्द्र से प्रश्न पत्र को लेकर अभ्यर्थियों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है।
आयोग के उप सचिव के. विधानी के मुताबिक आयोग ने 23 हजार 698 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे थे। इनमें से 22 हजार 290 अभ्यर्थी (94 प्रतिशत) परीक्षा में शामिल हुए। आयोग ने प्रदेश के सभी संभाग मुख्यालयों अजमेर, जयपुर, कोटा, बीकानेर, जोधपुर भरतपुर और उदयपुर पर 65 परीक्षा केन्द्र बनाए थे। सर्वाधिक 26 केन्द्र जयपुर में थे। अजमेर के चार केन्द्रों आर्य पुत्री स्कूल, दयानंद बाल निकेतन हिंदी व अंग्रेजी तथा तोपदड़ा स्कूल में परीक्षा के लिए अजमेर संभाग के 1 हजार 851 अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र भेजे गए थे।
परिणाम इसी माह
आयोग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार नर्सिंग भर्ती परीक्षा का परिणाम इसी माह घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि परीक्षा वस्तुनिष्ठ प्रकार से ली गई है और आयोग कम्प्यूटर के जरिए एक ही दिन में उत्तर पुस्तिकाएं स्कैन कर सकता है, लेकिन वर्गीकरण सहित कई तकनीकी कारणों से परिणाम तैयार करने में कम से कम 15 दिन का समय लगेगा। प्रश्नों को लेकर कोई शिकायत नहीं मिली तो परिणाम जल्द से जल्द घोषित किया जाएगा।