HomeNewsRajasthanAjmer Ajmer

दरगाह कमेटी ने भी रोकी सलीम की मदद

अजमेर. राज्य सरकार के बाद अब दरगाह कमेटी ने भी बम विस्फोट में मारे गए हैदराबाद निवासी सलीम को मुआवजा राशि प्रदान नहीं की है। कमेटी ने शेष दोनों मृतकों के परिवारजनों को एक-एक लाख रुपए की सहायता प्रदान की है। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक को जल्द ही 50 हजार की सहायता भी दी जाएगी। दरगाह कमेटी को हैदराबाद निवासी सलीम के बारे में अब तक सरकार के निर्देश नहीं मिले हैं। इस वजह से उसके परिवारजनों को मुआवजा राशि देने के बारे में कोई फैसला नहीं किया गया है।

नाजिम अहमद रजा ने बताया कि मुंबई निवासी शोएब पुत्र आजम खान और अजमेर निवासी सैयद बदी-उल-हसन चिश्ती के घरवालों को राशि प्रदान कर दी गई है। वहीं सलीम को अब तक राशि नहीं दी गई है। उसके घरवालों ने भी इस बारे में अब तक कमेटी से संपर्क नहीं किया है।

इधर गंभीर रूप से घायल नासिक निवासी शेख अब्दुल रहमान को भी एक-दो दिन में 50 हजार रुपए की राशि का चेक प्रदान किया जाएगा। इसके दस्तावेज मिल चुके हैं। शेष लोगों के भी दस्तावेज आने के बाद राशि प्रदान की जाएगी।

कागजी बैठक नहीं थी
रजा ने बताया कि 12 अक्टूबर को कमेटी सदर नवाब मोहम्मद अब्दुल अली की सदारत में एक बैठक कर प्रस्ताव पारित कर दरगाह बम विस्फोट की घटना की निंदा की गई। केंद्रीय अल्पसंख्यक मामलात मंत्री एआर अंतुले के आदेश पर कमेटी ने मृतक व घायलों को सहायता राशि देने की घोषणा की। एक संगठन द्वारा कागजी बैठक के आरोप की सफाई में रजा ने यह जानकारी दी।

उल्लेखनीय है कि मुस्लिम एकता मंच ने एक दिन पूर्व कहा था कि कमेटी की कोई बैठक नहीं हुई और कागजों में बैठक शो कर दी गई।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: