HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

सीकर जिले में फिर मिले तांबे के भंडार

जयपुर. भारतीय भू-सर्वेक्षण विभाग (जीएसआई) को राज्य में 4 करोड़ 62 लाख 60 हजार टन तांबे के नए भंडारों का पता चला है। नई दिल्ली में 27 सितंबर को हुई केंद्रीय भू-वैज्ञानिक कार्यक्रम बोर्ड की 42वीं बैठक में इस खोज की रिपोर्ट पेश की गई। इसमें बताया गया है कि सीकर जिले के नीमकाथाना क्षेत्र में तांबे के चार ब्लॉक मिले हैं। इनमें सबसे बड़ा ब्लॉक डोकन गांव में है, जिसमें 0.38 प्रतिशत ग्रेड का करीब 2 करोड़ 55 लाख 60 हजार टन तांबा मिलने की संभावना बताई गई है। इसके अलावा बनीवाला की ढाणी व उत्तरी डोकन में भी तांबे के भंडार खोजे गए हैं। इनमें तांबे की मात्रा 0.30 से 0.45 प्रतिशत आंकी गई है।

एक साल से राज्य में तांबे की खोज: जीएसआई (पश्चिमी क्षेत्र) की ओर से पिछले एक साल से राजसमंद जिले के गंगास ब्लाक में जसमा-भूपाल सागर बेल्ट में की गई खुदाई के दौरान करीब 8 लाख टन तांबे के भंडार चिह्न्ति किए गए हैं। विभाग की ओर से सीकर जिले के मीना का नंगला क्षेत्र में दो जोन में तांबे की खुदाई का काम किया जा रहा है, जो मार्च 2008 तक चलेगा। सीकर जिले के ही पंछोखारखारा क्षेत्र में तीन जोन में 2006-07 से चल रहे खुदाई कार्य में तांबे के भंडार खोजे गए हैं।

सीकर के बालेश्वर-दरीबा बेल्ट में भी तांबे के संभावित क्षेत्रों का पता लगा है। दौसा जिले के दोगेता-बसी व ढाणी बासरी क्षेत्र, अलवर में टोड़ी का बासा, सीकर में हालोवाला जोहड़ा ब्लॉक, झुंझुनू में मानकसास-जोधपुरा, नेवरी वेस्ट ब्लॉक व पाचेरी कला ब्लॉक आदि में भी खुदाई कर तांबे का पता लगाया गया है।

नीमकाथाना क्षेत्र में कॉपर के बड़े भंडारों का पता लगा है। कई जगह खोज चल रही है। राजस्थान में अन्य खनिजों के साथ तांबे के छोटे भंडार भी चिह्न्ति किए गए हैं।
—आरके सिंह उप महानिदेशक, जीएसआई (प. क्षेत्र)





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: