इंदौर. रोशनी के पर्व धनतेरस पर भी मेंटेनेंस के नाम पर शहर के कई भागों में घंटों बिजली कटौती की जाएगी। ऐसा दीपावली पर बिजली सप्लाय में खलल न हो इसलिए किया जा रहा है। मेंटेनेंस के नाम पर बिजली कटौती का यह कार्यक्रम म.प्र. पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी ने ही बनाया है।
दक्षिण शहर संभाग बुधवार (धनतेरस) को अहिरखेड़ी, विदुरनगर, बीजलपुर मंडी, सूर्यदेवनगर, सुदामानगर, फूटी कोठी, हवा बंगला व आसपास सुबह नौ से चार बजे तक बिजली बंद रखेगा।
वहीं पूर्व शहर संभाग ने इस दिन कटौती के लिए मनोरमागंज, नवरतनबाग, ओल्ड सीहोर रोड, एमवाय अस्पताल व मेडिकल कॉलेज के आसपास के इलाके, साउथ तुकोगंज, कंचनबाग, ग्रेटर कैलाश से साकेत चौराहे तक, नाथ मंदिर, गोकुलदास अस्पताल से एबी रोड गीताभवन चौराहे तक, गीताभवन चौराहे से प्रेस कॉम्प्लेक्स तक, सांघी कॉलोनी, आरकेपुरम कॉलोनी, पलासिया चौराहा आदि इलाकों को चुना है।
सोमवार-मंगलवार को भी
कंपनी के दक्षिण शहर संभाग द्वारा बनाए गए कार्यक्रम के तहत सोमवार को सुदामानगर, वैशालीनगर, परमाणुनगर, प्रभुनगर, सिद्धिपुरम, प्रगतिनगर, सिल्वर ऑक्स, अन्नपूर्णा रोड, मिलननगर, परवरनगर, भवानीपुर, जयजगत कॉलोनी, बुद्धनगर आदि में बिजली बंद रखी जाएगी।
पूर्व शहर संभाग सोमवार को एमजी रोड पर हुकमचंद घंटाघर से हाईकोर्ट तक, छप्पन दुकान, न्यू पलासिया में सप्लाय बंद रखेगा। मंगलवार को भी कई इलाकों में बिजली गुल रहेगी। उपकेंद्रों के मैदानी कर्मचारियों के मुताबिक मेंटेनेंस कार्यक्रम डिवीजनल इंजीनियर बताते हैं। इस बारे में चीफ इंजीनियर व अधीक्षण यंत्री को नहीं बताया जाता।
जवाब नहीं अफसरों के पास
शहर संभाग पूर्व के अतिरिक्त अधीक्षण यंत्री ए.डब्ल्यू. खान व शहर संभाग दक्षिण के कार्यपालन यंत्री एन.सी. गुप्ता का कहना है जंपर आदि ठीक करने के लिए ऐसा किया जाएगा। कोशिश करेंगे काम जल्द से जल्द कुछ पूरा हो जाए। वरिष्ठ अफसरों ने इस बारे में कुछ भी कहने से मना कर दिया।