इंदौर.
त्योहार के पहले आए रविवार ने बाजारों में खासी ‘रोशनी’ की। बाजार में लोगों की खासी भीड़ उमड़ी। दीपावली की खरीदी के लिए रविवार सुबह से ही लोगों ने बाजार की ओर रुख किया। राजबाड़ा, सराफा सीतलामाता बाजार, आड़ा बाजार, मूलचंद मार्केट, सांठा बाजार, मारोठिया सहित अन्य मार्केट में सुबह 11 बजे लोगों की आवाजाही शुरू हो गई थी जो दोपहर तक बढ़ती गई।
दिन ढलते ही बाजारों में पैर रखने की जगह तक नहीं बची, देर रात तक बाजार लोगों के उत्साह से रोशन रहे। व्यापारियों के मुताबिक उम्मीद के अनुरूप ग्राहकी रही, दीपावली तक ग्राहकी और बढ़ेगी।
ठेलों व फुटपाथ पर खासी ग्राहकी
दिनभर जहां बाजारों में ग्राहकी के लिए भीड़ थी वहीं राजबाड़ा और इससे लगे हिस्सों में ठेले और फुटपाथ पर भी खासी ग्राहकी थी। यहां पर सिनरी, रंगोली से लेकर सजावट तक का सामान था, जिसके लिए बड़ी संख्या में खरीदार थे, दुकानदारों की तरह ही इन लोगों के पास भी फुर्सत नहीं थी।
बस स्टैंड : इंतजार परिजन का
त्योहार की खुशियां और घर जाकर परिजन से मिलने का उत्साह महाराष्ट्र से आए गोपाल पाटिल और ज्ञानेश्वर के चेहरे पर दिख रहा था। श्री पाटिल ने कहा वे महाराष्ट्र में नौकरी करते हैं और दीपावली के लिए इंदौर आए हैं, काफी समय से बस स्टैंड पर खड़े हैं, इंतजार है भाइयों के लेने आने का।
उन्होंने बताया इस बार उन्होंने काफी खरीदी की है इसी तरह बस स्टैंड पर हर आने-जाने वाली बस में त्योहार का ही उत्साह था, कोई अपने घर जा रहा था तो कोई बाहर से इंदौर त्योहार के लिए आ रहा था। बस स्टैंेड पर आम दिनों की अपेक्षा काफी भीड़ थी।
रेलवे स्टेशन: खूब की खरीदी
दीपावली नजदीक आते ही रेलवे स्टेशन पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी है, ब्राडग्रेज लाइन की ट्रेन में भीड़ ज्यादा है। बुरहानपुर के अतुल व्यास ने बताया उन्होंने इसी वर्ष एलएलएम में एडमिशन लिया है, वे अपने घर दीपावली मनाने जा रहे हैं, इस बार उन्होंने इंदौर से ढेर सारा सामान खरीदा, परिवार के हर सदस्य के लिए दीपावली के कपड़े इंदौर से ही खरीदे।
इसी तरह प्रियंका का कहना है इंदौर में उन्होंने पिछले वर्ष दीपावली मनाई थी, यहां उन्हें बहुत अच्छा लगा, इस बार वे अपने घर खंडवा में दीपावली मनाएंगी, इसके लिए उन्होंने काफी खरीदी की।
चालान बना परेशानी
सीतलामाता बाजार और खजूरी बाजार की तंग गलियों में पहले ही खासी भीड़ थी, शाम को यहां पर दबाव और बड़ गया, ऐसे में वाहन उठाने वाली ट्रैफिक पुलिस की गाड़ी लोगों के लिए परेशानी बनी।
ट्रैफिक जवान यातायात सुधारने के बजाय वाहनों के चालान बनाते नजर आए। इससे लोगों को खासी दिक्कत हुई। ट्रैफिक वाहन की गाड़ी को देख लोग खरीदारी छोड़कर वाहन को सुरक्षित लगाने के लिए जगह तलाशते नजर आए।