HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

अति विकसित हृदयरोग चिकित्सा अब शहर में

भोपाल. राजधानी के लोगों को दिल की बीमारियों का इलाज कराने अब शहर के बाहर नहीं जाना होगा, जल्द ही भोपाल मेडीकल टूरिज्म का सेंटर बन सकता है। यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने रविवार को चिरायु अस्पताल में राजधानी के पहले हृदयरोग चिकित्सा केन्द्र के उद्घाटन व अस्पताल की वेबसाइट का लोकार्पण करते हुए कही।

उन्होंने कहा कि चिरायु संस्थान द्वारा मेडीकल सेवाओं के क्षेत्र में यह अच्छी पहल है और इसे शासन द्वारा मान्यता दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि ‘मुख्यमंत्री सहायता कोष’ की राशि दो करोड़ से बढ़ाकर नौ करोड़ रुपए की गई है और जरूरत पड़ने पर इस राशि को बढ़ाकर 100 करोड़ कर दिया जाएगा।

कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि कांग्रेस विधायक एवं पूर्व मंत्री अजय सिंह ने कहा कि चिरायु के डायरेक्टर डा. अजय गोयनका का सपना आज पूरा हो गया और भोपाल के लोगों को हृदयरोग इलाज के क्षेत्र में नई सौगात मिली है। उन्होंने चिरायु संस्थान को 3डी(डेडीकेशन, डिसीप्लेन और डिवोशन) के खिताब से नवाजा।

इस मौके पर चिकित्सा शिक्षा व ऊर्जा मंत्री डा. गौरीशंकर शेजवार का कहना था कि हृदयरोग चिकित्सा केन्द्र खोलना बहुत बड़ी बात है। उसका मेनेजमेंट देखने के लिए डा. गोयनका परफेक्ट हैं। चिरायु अस्पताल के डायरेक्टर डा. अजय गोयनका ने अस्पताल की उपलब्धियों को बताते हुए हृदयरोग चिकित्सा केन्द्र की ओर से भी हमेशा बेहतर सेवाएं देने का वादा किया।

कार्यक्रम में कार्डियोलॉजिस्ट डा. विवेक कान्हेरे ने वर्तमान की आराम तलब लाइफ स्टाइल के बारे में रोशनी डाली और साथ ही पेशे से जुड़े अपने अनुभव बताए। कार्यक्रम में चिरायु अस्पताल की एक प्रमोशनल एड फिल्म भी दिखाई गई। इस मौके पर भोपाल के प्रथम नागरिक महापौर सुनील सूद के साथ-साथ बड़ी संख्या में नामी-गिरामी चिकित्सक और व्यवसायी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डा. एसपी दुबे और डा. अतुल कटारिया ने किया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: